Maha Kumbh 2025 में 'महा ठगी', फर्जी वेबसाइट बनाकर श्रद्धालुओं से वसूली जा रही थी मोटी रकम, आप भी रहें सावधान
Prayagraj Maha Kumbh 2025: महाकुंभ 2025 को लेकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद में तैयारियां तेजी से चल रही हैं। इसी दौरान महाकुंभ के नाम पर ठगी करने का भी मामला संज्ञान में आया है। इस मामले में पुलिस द्वारा चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पकड़े गए आरोपियों पर आरोप है कि उनके द्वारा महाकुंभ 2025 में स्नान करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को होटल और टेंट सिटी में बुकिंग करने के लिए मोटी रकम ली जा रही थी। फर्जी वेबसाइट बनाकर श्रद्धालुओं के साथ ठगी की जा रही थी।

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद खुलासा किया कि गिरफ्तार आरोपियों ने 9 फर्जी वेबसाइट बना रखी थीं। पुलिस ने आरोपियों के पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड भी बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपी वाराणसी के सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करते हैं।
22 नवंबर को पुलिस ने दर्ज किया था मुकदमा
इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए प्रयागराज नगर डीसीपी अभिषेक भारती द्वारा बताया गया कि 22 नवंबर को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में इस गिरोह का मास्टरमाइंड पंकज कुमार नालंदा, बिहार का रहने वाला है। इसके अलावा यश चौबे और अंकित गुप्ता वाराणसी तथा अमन नामक चौथा आरोपी आजमगढ़ का रहने वाला है।
पकड़े गए चारों आरोपी वाराणसी में एक वेबसाइट बनाने वाले कंपनी में एक ही साथ काम करते हैं। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद साइबर टीम द्वारा उनके पास से तीन लैपटॉप, दो स्मार्टफोन और एटीएम कार्ड बरामद किया गया है। आरोपियों के खाते को फ्रीज कर दिया गया है।
बुकिंग करते समय बरतें सावधानी
यदि आप भी महाकुंभ 2025 के दौरान प्रयागराज में दर्शन पूजन और स्नान करने के लिए आने वाले हैं तो ऑनलाइन बुकिंग करते समय आपको सावधान रहने की जरूरत है। अधिकारियों का कहना है कि इसके लिए आधिकारिक एप का इस्तेमाल करें।
क्यूआर कोड के साथ ही ऐप और एआई बोट भी प्रशासन द्वारा बनवाया गया है। उसके माध्यम से महाकुंभ के बारे में जानकारी प्राप्त करने के साथ ही होटल की बुकिंग भी की जा सकती है। इसके अलावा अधिकारियों के नंबर और होटल की सूची सहित कई अन्य जानकारियां भी आपको वहां मिल जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications