'दम है तो बीजेपी को बनारस में हराकर दिखाओ': कांग्रेस और राहुल गांधी के बारे में और क्या बोल गईं ममता?
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी चीफ ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर बहुत ही जोरदार हमला किया है और यहां तक सवाल उठा दिया है कि इस पार्टी को किस बात का इतना अहंकार हो गया है।
ममता ने कहा है कि उन्होंने पश्चिम बंगाल में इंडिया अलायंस के तहत कांग्रेस को 2 सीटें देनी चाही, लेकिन उसने मना कर दिया। बंगाल के मुर्शिदाबाद में एक जनसभा के दौरान ममता ने कांग्रेस को चुनौती दी कि बीजेपी को बनारस और इलाहाबाद में हराकर दिखाओ।

'कांग्रेस 40 सीटें भी जीत पाएगी या नहीं?'
तृणमूल अध्यक्ष ने सवाल उठाया है कि कांग्रेस 300 सीटों में से 40 सीटें भी जीत पाएगी या नहीं? उनका कहना है कि कांग्रेस पार्टी जहां जीतती थी, वहां भी हारती गई है।
'कांग्रेस को किस बात का इतना अहंकार है'
इंडिया अलायंस की प्रमुख सहयोगी दल की नेता ने पूछा है कि कांग्रेस को किस बात का इतना अहंकार है। उन्होंने बगैर नाम लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है और कहा है कि कुछ लोग फोटो खिंचवाने में लगे हुए हैं।
'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में नहीं दी गई सूचना-ममता
ममता ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' बंगाल आई थी, लेकिन उनको इसकी सूचना नहीं दी गई, जबकि टीएमसी इंडिया ब्लॉक की सदस्य है। उनके मुताबिक उन्हें इस यात्रा के बारे में प्रशासन के लोगों से जानकारी मिली।
'दम है तो बीजेपी को बनारस में हराकर दिखाओ'
ममता ने कहा कि आप राजस्थान में भी चुनाव नहीं जीते, 'दम है तो बीजेपी को बनारस में हराकर दिखाओ'। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समाज के किसी विशेष वर्ग के लोगों के बीच जाकर फोटो खिंचवाने को लेकर भी उन्होंने निशाना साधा है।
बिना नाम लिए राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
उन्होंने कहा कि जो लोग कभी चाय की दुकान पर नहीं गए, अब बीड़ी मजदूरों के साथ बैठक कर फोटो खिंचवा रहे हैं। हाल के दिनों में राहुल कभी ट्रक ड्राइवरों के साथ नजर आए हैं तो कभी कुली बनकर सामान उठाने की तस्वीर खिंचवाते दिखे हैं। लेकिन, मुर्शिदाबाद में वह बीड़ी मजदूरों के बीच पहुंच गए थे, जिसपर ममता ने उनपर निशाना साधा है।
ममता ने प्रियंका को वाराणसी से चुनाव लड़ने का दिया था प्रस्ताव-रिपोर्ट
इंडिया टुडे डॉट इन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ समय पहले ममता बनर्जी ने गठबंधन की बैठक में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को इंडिया ब्लॉक की उम्मीदवार के तौर पर वाराणासी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ाने का प्रस्ताव दिया था।
उनके इस प्रस्ताव पर शायद कांग्रेस ने किसी तरह का विचार नहीं किया। हालांकि, तब पश्चिम बंगाल की बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल ने ममता को चुनौती देते हुए कहा था कि वह इस साल खुद वाराणसी से पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव लड़कर दिखाएं।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी कांग्रेस के साथ किसी तरह से सीटों का बंटवारा करने की बातों को नकार चुकी हैं। लेकिन, कांग्रेस ने अभी तक ममता को मना लेने की उम्मीद नहीं छोड़ी है। टीएमसी नेता ने लगातार राज्य की सभी 42 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications