कानून दिल्ली का, आग बंगाल में क्यों? ममता बनर्जी बोलीं- 'मोदी सरकार का वक्फ कानून नहीं होगा लागू'
Mamata Banerjee: वक्फ (संशोधन) कानून के विरोध में शुक्रवार 11 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के कई जिलों मुर्शिदाबाद, मालदा, दक्षिण 24 परगना और हुगली में हिंसक घटनाएं देखी गईं थी। यहां प्रदर्शनकरियों ने ट्रेन और पुलिस पर पथराव किया। इस दौरान कई सरकारी और प्राइवेट वाहनों को आग के हवाले भी कर दिया।
इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने शनिवार 12 अप्रैल को मुर्शिदाबाद जिले के हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा किया और राज्य में शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनकी सरकार केंद्र सरकार द्वारा लाया गया नया वक्फ कानून राज्य में लागू नहीं करेगी।

ये भी पढ़ें: Murshidabad: वक्फ के विरोध में मुर्शिदाबाद में फिर भड़की हिंसा, पुलिस-ट्रेन पर फेंके पत्थर, BSF तैनात
ममता बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'हमने इस मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है, हम इस कानून का समर्थन नहीं करते हैं। यह कानून हमारे राज्य में लागू नहीं होगा। तो फिर दंगे किस बात को लेकर हो रहे हैं?' इस दौरान उन्होंने सभी समुदायों से संयम बरतने की अपील की।
हमने कानून नहीं बनाया: ममता की दो टूक
उन्होंने कहा कि हर इंसान की जान कीमती है। राजनीति के लिए दंगे न भड़काएं। जो लोग ऐसा कर रहे हैं, वे समाज को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इस दौरान विरोध कर रहे लोगों को उन्होंने याद दिलाते हुए कहा कि यह कानून उनकी पार्टी का नहीं बल्कि केंद्र सरकार का फैसला है। जवाब चाहिए तो केंद्र सरकार से पूछिए।
सख्त कार्रवाई होगी
हमने ऐसा कोई कानून नहीं बनाया। राज्य में जो दंगे कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल कर लोगों को भड़का रहे हैं और राजनीतिक फायदे के लिए समाज में ज़हर घोल रहे हैं। ऐसे लोगों के झांसे में न आएं। शांति बनाए रखें।
बता दें कि मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा के बाद पुलिस ने 118 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि सुटी से 70 और समसेरगंज से 41 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इतना ही नहीं, मुर्शिदाबाद में स्थिति खराब देखते हुए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने की सलाह दी है।
क्या हुआ था शुक्रवार को?
शुक्रवार की नमाज़ के बाद वक्फ कानून के खिलाफ प्रदर्शन हिंसक हो गया, जिससे हालात बिगड़ गए। इस दौरान कम से कम 15 पुलिसकर्मी घायल हो गए। बंगाल के पुलिस अधिकारी राजीव कुमार ने बताया, अफवाहों के चलते भीड़ उग्र हो गई और सरकारी संपत्तियों के साथ-साथ रेलवे दफ्तरों, पुलिस चौकियों और दुकानों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुईं।
ये भी पढे़ं: West Bengal: मुर्शिदाबाद में वक्फ अधिनियम के विरोध में हुई हिंसा मामले में 110 से अधिक लोग किए गए गिरफ्तार












Click it and Unblock the Notifications