Murshidabad: वक्फ के विरोध में मुर्शिदाबाद में फिर भड़की हिंसा, पुलिस-ट्रेन पर फेंके पत्थर, BSF तैनात
Murshidabad News: वक्फ कानून के खिलाफ एक बार फिर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हिंसा भड़क उठी। शुक्रवार को निमटीटा रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन पर पथराव किया और रेल पटरियों पर कब्जा कर लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सरकारी बसों में प्रदर्शनकारियों ने आग लगा दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा। हालात की गंभीरता को देखते हुए शमशेरगंज में बीएसएफ (BSF) के जवानों को तैनात किया गया है। इससे पहले रघुनाथगंज के उमरपुर में दो पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया था।

हिंसा के कारण ट्रेन सेवा हुई बाधित
धुलियानगंगा और निमटीटा के बीच हिंसा भड़कने से ट्रेन सेवा भी बाधित हुई है। भारतीय रेलवे के जानकारी देते हुए बताया कि न्यू फरक्का-अजीमगंज रेल खंड पर ट्रेन सेवाएं ठप हैं। धुलियानगंगा और निमटीटा के बीच लगभग 5000 प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक जाम कर दिया। एलसी गेट नंबर 42 और 43 के पास प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा बना हुआ है।
हिंसा और ट्रैक जाम की वजह से निम्नलिखित ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है:
53029 अजीमगंज-भागलपुर पैसेंजर
53435 कटवा-अजीमगंज पैसेंजर
वहीं, इन पांच ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है:
13432 बालुरघाट-नबद्वीप धाम एक्सप्रेस
15644 कामाख्या-पुरी एक्सप्रेस
13141 सियालदह-न्यू अलीपुरद्वार तीस्ता तोर्सा एक्सप्रेस
05640 कोलकाता-सिलचर स्पेशल
13465 हावड़ा-मालदा टाउन इंटरसिटी
पथराव, आगजनी और सियासी घमासान
इससे पहले प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे-34 को जाम कर दिया था। जब पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की, तो पथराव शुरू हो गया, जिसके जवाब में पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी इसी इलाके में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर हमला किया और दो गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया था।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर सीधा हमला करते हुए कहा, 'राज्य सरकार की नाकामी और तुष्टिकरण की राजनीति की वजह से राज्य हिंसा की आग में जल रहा है।'
वक्फ कानून के खिलाफ विरोध: बंगाल क्यों उबल रहा है?
पश्चिम बंगाल ऐसा इकलौता राज्य बन गया है जहां वक्फ कानून के खिलाफ बड़े पैमाने पर और लगातार हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। देश के अन्य हिस्सों में केवल सांकेतिक प्रदर्शन हुए हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि बंगाल में प्रदर्शनकारियों को किसी न किसी रूप में भड़काया जा रहा है। राज्य के एक मंत्री द्वारा कोलकाता को "लॉकडाउन" करने की अपील ने इस बहस को और गर्मा दिया है।
ये भी पढ़ें: Waqf Amendment Act के खिलाफ बंगाल में सड़कों पर उग्र प्रदर्शन, मुर्शिदाबाद में हिंसा, पुलिस वाहनों में लगाई आग












Click it and Unblock the Notifications