'ममता बनर्जी सरकार ओडिशा को नहीं दे रही हैं आलू, राजनीति कर रही है', BJP के मंत्री कृष्ण चंद्र पात्रा का दावा
ओडिशा के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्रा ने शनिवार को आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार आलू की आपूर्ति को लेकर राजनीति कर रही है और राज्य सरकार पश्चिम बंगाल से आलू की आपूर्ति बहाल करने का अनुरोध नहीं करेगी। पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के कारण बुधवार रात से आलू से लदे ट्रकों को सीमा पार करने की अनुमति नहीं दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि इनमें से कई वाहन अपने मूल स्थान पर लौट भी गए हैं। आलू संकट के बारे में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए पात्रा ने कहा, "पश्चिम बंगाल सरकार राजनीति कर रही है, जिसके लिए उन्होंने ओडिशा को आलू की आपूर्ति प्रतिबंधित कर दी है जबकि कभी-कभी वे इसकी अनुमति देते हैं। लेकिन, इस बार हम उनसे ओडिशा को आलू की आपूर्ति करने का अनुरोध नहीं करने जा रहे हैं।"

'अगर पश्चिम बंगाल अपने आप आलू भेजता है, इसे स्वीकार किया जाएगा'
हालांकि, उन्होंने कहा कि अगर पश्चिम बंगाल अपने आप आलू भेजता है, तो ओडिशा इसे स्वीकार करेगा। पात्रा ने कहा, "हम आलू के लिए ममता बनर्जी सरकार से कोई बातचीत नहीं करने जा रहे हैं। वह पहले ही मीडिया में कह चुकी हैं कि उनकी सरकार ओडिशा को आलू नहीं भेजेगी, इसलिए उनसे बात करने का कोई मतलब नहीं है।"
उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य को सब्जियों या वस्तुओं की आपूर्ति प्रतिबंधित करना उचित नहीं है क्योंकि सभी राज्य एक देश के अधीन हैं और सभी को एक साथ रहना चाहिए।
मंत्री ने कहा, "पश्चिम बंगाल मछली और अन्य वस्तुओं के लिए भी दूसरे राज्यों पर निर्भर है। अगर ओडिशा चाहे तो मालवाहक वाहनों को अपनी सीमा पर भी रोक सकता है। लेकिन हम ऐसा नहीं करने जा रहे हैं।"
मंत्री ने कहा, "हमने राज्य में उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में आलू की आपूर्ति की व्यवस्था की है। उत्तर प्रदेश से आलू की आवक शुरू हो गई है। इसके अलावा पंजाब से भी कंद मंगाया जा सकता है।"
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से आलू मंगाने पर उपभोक्ताओं को दो रुपये प्रति किलो का अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ेगा। पात्रा ने कहा कि ओडिशा सरकार ने अगले दो साल में राज्य को आलू उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की है।
पश्चिम बंगाल द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के कारण ओडिशा के स्थानीय बाजारों में सब्जी के खुदरा मूल्य में वृद्धि हुई है। व्यापारियों ने कहा कि तीन दिन पहले ओडिशा के बाजारों में 33 से 35 रुपये प्रति किलो बिकने वाला आलू अब 45 से 50 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।












Click it and Unblock the Notifications