मतगणना से पहले मल्लिकार्जुन खड़गे ने कसी कमर, 4 राज्यों में पर्यवेक्षक हुए नियुक्त
चार राज्य राजस्थान, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ में 3 दिसंबर को मतगणना होगी। ऐसे में कांग्रेस पार्टी नतीजों से पहले पूरी तरह से तैयार रहना चाहती है ताकि नतीजे सामने आने के बाद वह रणनीति बनाने में पिछड़े नहीं। इसी को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चारों राज्यों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है।
राजस्थान में भूपिंदर सिंह हुडा, मधुसूदन मिस्त्री, मुकुल वासनिक, शकील अहमद खान को पर्यवेक्षक के तौर पर नियुक्त किया गया है। वहीं तेलंगाना में डीके शिवकुमार, दीपा दास मुंशी, डॉक्टर अजय कुमार, के मुरलीधरन, केजे जॉर्ज को नियुक्त किया गया है।

छत्तीसगढ़ में अजय माकन, रमेश चेन्नीथला, प्रीतम सिंह को पर्यवेक्षक के तौर पर नियुक्त किया गया है। वहीं मध्य प्रदेश में अधीर रंजन चौधरी, पृथ्वीराज चव्हाण, राजीव शुक्ला, चंद्रकांत हंडोरे को पर्यवेक्षक के तौर पर नियुक्त किया गया है।
अहम बात यह है कि आगामी लोकसभा चुनाव से पहले इन पांच राज्यों के चुनाव को सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है, लिहाजा कांग्रेस किसी भी तरह की कसर नहीं छोड़ना चाहती है। गौर करने वाली बात है कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है।
वहीं मध्य प्रदेश में भाजपा तो तेलंगाना में बीआरएस की सरकार है। राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच सीधा मुकाबला है,लिहाजा इन राज्यों के नतीजे लोकसभा चुनाव की दशा और दिशा तय करने का काम कर सकते हैं। तेलंगाना में कांग्रेस को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है, पार्टी को भरोसा है कि वह यहां भी सरकार बनाने जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications