महाराष्ट्र का डिप्टी सीएम कौन? कांग्रेस नेता बाला साहेब थोराट ने दिया जवाब
मुंबई। महाराष्ट्र में शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी गठबंधन वाली सरकार का शपथ ग्रहण गुरुवार को होगा। देवेंद्र फडणवीस सरकार गिरने के बाद अब उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में सरकार बनेगी। 20 साल बाद शिवसेना से कोई सीएम की कुर्सी पर बैठेगा। इससे भी अहम बात ये है कि पहली बार ठाकरे परिवार को कोई सदस्य राज्य की कमान संभालेगा। वहीं उप मुख्यमंत्री को लेकर भी अभी तस्वीर साफ नहीं हुई है।

ऐसी चर्चाएं थीं कि कांग्रेस नेता बाला साहेब थोराट को उप-मुख्यमंत्री की कमान दी जाएगी लेकिन खुद थोराट ने ऐसी किसी भी चर्चा को नकार दिया है। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहेब थोराट ने कहा कि डिप्टी सीएम कौन होगा, इस पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी के बीच मंत्रालय का बंटवारा अगले कुछ दिनों में कर दिया जाएगा। उधर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा है कि हमारा मिशन पूरा हो गया।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे सीएम बनेंगे, मैं पहले दिन से कह रहा था कि हमारा सूर्ययान मंत्रालय की छठी मंजिल पर सफलतापूर्वक लैंड करेगा, तब लोग मुझ पर हंस रहे थे। शुरुआत में लैंडिंग में थोड़ी दिक्कत हुई लेकिन आज आप देख रहे हैं कि हमारा सूर्ययान सफलतापूर्वक लैंड कर गया है। आने वाले में समय में दिल्ली में भी उतरे तो आपको आश्चर्य नहीं होना चाहिए।
4 दिन में बदल गई महाराष्ट्र की कहानी
उल्लेखनीय है कि बीते शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की सत्ता की कहानी शुरू हुई और मंगलवार आते-आते खत्म हो गई। शनिवार को देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ एनसीपी नेता अजित पवार ने भी उपमुख्यमंत्री पद का शपथ ग्रहण किया। इसी के साथ यह ऐलान हुआ कि एनसीपी का अजित पवार वाला खेमा बीजेपी के साथ है और दोनों पार्टियां मिलकर सरकार चलाएंगी। लेकिन, अजित पवार का चुपके-चुपके बीजेपी खेमे में चले जाना पार्टी प्रमुख और चाचा शरद पवार को नागवार गुजरी और उन्होंने तुरंत पार्टी के विधायकों को एकजुट कर होटल में पहुंचा दिया।












Click it and Unblock the Notifications