महाराष्ट्र: जानिए किस पार्टी को मिलेंगे कितने मंत्रालय, किसका होगा उपमुख्यमंत्री
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में नई सरकार का शपथ ग्रहण गुरुवार को होगा। शिवसेना मुखिया उद्धव ठाकरे प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। ठाकरे परिवार से पहली बार कोई प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है। एनसीपी-कांग्रेस-शिवसेना गठबंधन की सरकार में उद्धव ठाकरे ना सिर्फ प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे बल्कि शिवसेना को 15 मंत्री पद भी मिल सकते हैँ। जानकारी के अनुसार गठबंधन में एनसीपी को उपमुख्यमंत्री का पद मिल सकता है और उसके खाते में 13 मंत्रीपद भी आ सकते हैं। जबकि कांग्रेस के खाते में विधानसभा स्पीकर के पद के अलावा 13 मंत्री पद आ सकते हैं।

उद्धव ठाकरे बनेंगे मुख्यमंत्री
महाराष्ट्र में तकरीबन एक हप्ते तक सियासी ड्रामा चला, जिसके बाद कल यानि गुरुवार को नई सरकार का गठन होगा और उद्धव ठाकरे प्रदेश के नए मुख्यमंत्री का पदभार संभालेंगे। अहम बात यह है कि इस सरकार गठन में विपक्षी दलों की एकजुटता को भी दिखाने की कोशिश होगी। इसके लिए तमाम विपक्षी दल के नेताओं को इस शपथ ग्रहण समारोह में न्योता दिया गया है।
विपक्षी एकता दिखाने की कोशिश
जानकारी के अनुसार उद्धव ठाकरे के शपथ ग्रहण समारोह में देश के कई दिग्गज नेताओं के अलावा 400 किसानों को भी न्योता भेजा गया है। जिन नेताओं को इस शपथ ग्रहण में शामिल होने का न्योता दिया गया है उसमे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का भी नाम शामिल है। इसके अलावा कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी शिवसेना ने न्योता भेजा है। डीएमके के नेता एमके स्टालिन को भी न्योता दिया गया है।
सियासी ड्रामे का अंत
मंगलवार को देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार के इस्तीफे के बाद शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस ने गठबंधन कर सरकार गठन करने का दावा किया। तीनों दलों ने सीएम पद के लिए उद्धव ठाकरे के नाम पर मुहर लगाई, कल यानी गुरुवार को शिवसेना प्रमुख प्रदेश प्रमुख की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए कांग्रेस के सभी मुख्मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications