कोरोना वायरस: महाराष्ट्र सरकार ने शुरू किया 'मेरा परिवार-मेरी जिम्मेदारी' कैंपेन
महाराष्ट्र सरकार का कोरोना के खिलाफ'मेरा परिवार-मेरी जिम्मेदारी' कैंपेन, घर-घर पहुंचेगी टीमें
नई दिल्ली। महाराष्ट्र की महाविकास आघाडी सरकार ने कोरोना मरीजों तक पहुंचने और उनको समय पर इलाज देने के लिए मेरा परिवार मेरी जिम्मेदारी कैंपेन की शुरुआत की है। इस कैंपेन में कोरोना मरीजों को ट्रेस करने और उनके इलाज के लिए डोर-टू-डोर सर्वेक्षण किया जाएगा। घर-घर पहुंचकर टीमें कोरोना की चेन तोड़ने, इसके लक्षण की पहचान और महामारी से जुड़ी तमाम बातों के बारे में लोगों को जागरुक करेंगी।

कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई और मजबूत होगी
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार को 'मेरा परिवार- मेरी जिम्मेदारी' अभियान को लेकर कहा कि इससे महाराष्ट्र में कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई और मजबूत होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कांफ्रेंस बैठक के दौरान ठाकरे ने कहा, कोरोना से मृत्युदर और संक्रमण दर के इस जन स्वास्थ्य अभियान से नीचे आने की संभावना है जिसका लक्ष्य कोरोना वायरस को फैलने से रोकना है।

महाराष्ट्र संकट का बहादुरी से सामना कर रहा
ठाकरे ने कहा कि उनकी सरकार महाराष्ट्र के ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमण से उबर चुके लोगों के लिए कोविड-पश्चात देखभाल केंद्र स्थापित करने में जुटी है। राज्य में शुरू किया गया मेरा परिवार, मेरी जिम्मेदारी अभियान का लक्ष्य इस महामारी के नियंत्रण के लिए लोगों के बीच प्रभावी स्वास्थ्य देखभाल जागरूकता पैदा करना है। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक बयान के अनुसार मोदी ने इस बैठक के दौरान कहा कि महाराष्ट्र के लोग इस स्वास्थ्य संकट का बहादुरी से सामना कर रहे हैं।

महाराष्ट्र सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित राज्य
महाराष्ट्र देश का सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित राज्य है। महाराष्ट्र में साढ़े बारह लाख से ज्यादा कोरोना केस हैं और 33 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं। वहीं देश की बात की जाए तो आज यानी गुरुवार तक देश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 57 लाख 32 हजार हो गई है। अभी तक 91,149 लोगों की मौत कोरोना से हो चुकी है। देश में एक्टिव केस की संख्या 9 लाख 66 हजार है। 46 लाख 74 हजार लोग अब तक ठीक हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications