महाराष्ट्र: नागपुर के गांव में स्थित कारखाने के बॉयलर में विस्फोट, पांच मजदूरों की दर्दनाक मौत
नई दिल्ली। कोरोना वायरस से जूझ रहे महाराष्ट्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। राज्य के नागपुर जिले के उमरेड तहसील में स्थित बेला गांव के एक कारखाने में बॉयलर फटने से पांच मजदूरों की मौत हो गई है। नागपुर पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है। हादसे में अभी तक घायलों की संख्या की पुष्टी नहीं हुई है, मामले में और अधिक जानकारी का इंतजार है।

मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने मृतकों की पहचान मंगेश प्रभाकर नौकारकर (21), लीलाधर वामनराव शिंदे (42), वासुदेव लाडी (30), सचिन प्रकाश वाघमरे (24) और प्रफुल्ल पांडुरंग मून (25) के तौर पर की है। पुलिस का कहना है कि सभी मजदूर वाडगांव के रहने वाले थे। जिस फैक्ट्री में धमाका हुआ उसका नाम मानस एग्रो इंडस्ट्रीज ऐंड इफ्रास्ट्रक्चर फैक्ट्री बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि घटना दोपहर करीब सवा दो बजे उमरेद तहसील के बेला गांव स्थित बायोगैस संयंत्र में हुई।
बताया जा रहा है कि सचिन वाघमरे बेल्डर का काम करता था जबकि अन्य मृतक सहायक के तौर पर फैक्ट्री में कार्यरत थे। धमाके के बाद से गांव के लोगों ने फैक्ट्री से धुआं निकलते देखा जिसके बाद फायर ब्रिगेड को जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि पांचों कर्मचारी की मौत झुलसने की वजह से हुई है, मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया था। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक राकेश ओला ने घटनास्थल का दौरा किया।
क्रेन गिरने से 11 लोगों की मौत
आज ही के दिन आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड में एक विशालकाय क्रेन के गिर जाने से बड़ा हादसा हो गया। न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुआ है। विशाखापट्टनम जिला कलेक्टर विनय चंद ने मामले की पुष्टि की।घटना से जुड़ा एक वीडियो में सोशल मीडिया पर सामने आया है जिसमें क्रेन को गिरते हुए देखा जा सकता है।
यह भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश: हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड में दर्दनाक हादसा, विशालकाय क्रेन गिरने से 11 लोगों की मौत












Click it and Unblock the Notifications