ओवैसी का राहुल गांधी पर हमला, बोले- कांग्रेस की हालत ऐसी है कि गिरे तो गिरे, मेरी टांग तो ऊपर है
मुंबई। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को जालना में एक रैली के दौरान कांग्रेस पार्टी और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा,'ये पार्टी(कांग्रेस) न तो सुधरने वाली है और न ही संभलने वाली, इनकी हालत ऐसी है कि गिरे तो गिरे, मेरी टांग तो ऊपर है।' राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कश्ती डूबती है तो सबसे पहले कप्तान लोगों से कहता है कि आप लोग निकलो, बाद में फिर मैं निकलता हूं।

लेकिन दुनिया में कांग्रेस अकेली ऐसी पार्टी है जिसकी कश्ती जब डूब रही थी तो इसका कप्तान (राहुल गांधी) साहिल पर आकर बैठ गए। आपको बता दें कि इससे पहले भी एआईएमआईएम के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने कांग्रेस को निशाने पर लिया था। ओवैसी का कहना है कि देश की राजनीति से कांग्रेस का सफाया हो चुका है और अब उसकी वापसी की कोई गुजाइंश नहीं है। ओवैसी ने कांग्रेस पर महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनाव को अनदेखा करने के भी आरोप लगाए।
एक रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा, ''देश की राजनीतिक तस्वीर से कांग्रेस पार्टी खत्म हो चुकी है। अब किसी भी सूरत में कांग्रेस की वापसी नहीं हो सकती है।'' ओवैसी बीजेपी पर निशाना साधने से भी नहीं चूके। हिमाचल प्रदेश में बीजेपी सरकार ने हाल ही में धर्म बदलने पर एक महीना पहले नोटिस देने का कानून लागू किया है। ओवैसी ने कहा कि अगर मोदी ऐसा बिल लोकसभा में लाते हैं तो किसी को हैरानी नहीं होनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications