डेथ सेंटर बन गया है भोपाल का चिरायु कोविड हॉस्पिटल, नहीं दी जा रही मरीजों की सही जानकारी: कमलनाथ
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि भोपाल के चिरायु अस्पताल में कोरोना मरीजों के इलाज में भारी लापरवाही की जा रही है। यहां कितने मरीज आ रहे हैं, इसकी भी सही जानकारी नहीं दी जा रही है। कांग्रेस नेता ने कहा है कि चिरायु अस्पताल मौत का अस्पताल बन गया है, इसकी जांच होनी चाहिए।

कमलनाथ ने सोमवार को कहा कि चिरायु अस्पताल को लेकर कई शिकायतें हैं। यहां मरीजों और उनके इलाज का सही रिकॉर्ड भी नहीं रखा जा रहा है। इलाज के दौरान गड़बड़ी की जा रही है। कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मामले में जवाब मांगा है। उन्होंने कहा, चिरायु अस्पताल कोविड अस्पताल है। मुख्यमंत्री खुद चिरायु गए थे, वहां उन्होंने इलाज भी कराया। ये एक मृत्यु केंद्र और डेथ सेंटर बन गया है। अस्पताल आने वाले पेशेंट्स की पहले क्या रिपोर्ट थी, उनका क्या इलाज किया गया और डिस्चार्ज के समय उनकी क्या समस्या थी इसका कोई रिकॉर्ड नहीं है।
कमलनाथ ने कहा, मैं मुख्यमंत्री शिवराज चौहान से कहता हूं आप खुद गए थे अस्पताल पता नहीं आपको कितनी बात समझ आई और कितनी की जानकारी लेनी है। मैं चाहता हूं इसकी खुली और निष्पक्ष जांच हो। इस जांच में सब अपना सबूत दें कि किस प्रकार का इलाज चिरायु में चल रहा है।
मध्य प्रदेश में सोमवार तक कोरोना वायरस से संक्रमण के कुल 62,433 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं देशभर में कोरोना के मामले 36 लाख के पार जा चुके हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 78,512 नए मामले सामने आए हैं और 971 मरीजों की मौत हुई है। जिसके बाद देश में कोविड-19 पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 36,21,246 हो गई है, जिसमें 7,81,975 सक्रिय मामले हैं। वहीं अब तक 64,469 मौतें हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications