कांग्रेस का दावा- MP में 60 लाख फर्जी वोटर, EC से शिकायत करने पहुंची पार्टी
नई दिल्ली।EVM को गलत बताने वाली कांग्रेस अब 'फर्जी वोटरों' का मुद्दा उठा रही है और इसी वजह से आज कांग्रेस के दिग्गज नेता चुनाव आयोग के पास शिकायत लेकर पहुंचे थे। कांग्रेसियों का कहना है कि मध्य प्रदेश में 60 लाख फर्जी वोटर हैं, जिनकी जांच होना बहुत जरूरी है। इस सिलसिले में रविवार को कांग्रेस ने एक प्रेस वार्ता की है, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि उन्होंने पूरे सबूतों के साथ आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।
कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने की प्रेस-वार्ता
ये पीसी कांग्रेस की ओर से पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुलाई थी, जिसमें कमलनाथ ने कहा कि 100 विधानसभा क्षेत्रों में छानबीन कराई है, जहां 60 लाख फर्जी वोटर्स के बारे में पता चला है।
MP में वोटर्स की फर्जी लिस्ट बनाई गई : कमलनाथ
एमपी की आबादी 24 प्रतिशत बढ़ी है लेकिन वहां मतदाताओं की संख्या में 40 प्रतिशत का इजाफा है, जो कि सरासर गलत है, ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि वोटर्स की फर्जी लिस्ट बनाई गई है, इसलिए हम चाहते हैं कि आयोग इस पर एक्शन ले।

कमलनाथ ने BJP पर लगाए आरोप
कमलनाथ ने ये भी कहा कि यूपी से जुड़े क्षेत्रों में कई ऐसे लोग हैं, जिनके नाम दोनों राज्यों की वोटर लिस्ट में है, इसलिए वोटर लिस्ट की जांच यूपी में भी होनी चाहिए। कमलनाथ ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी इस मुद्दे पर शिकायत दर्ज नहीं कराएगी क्योंकि ये सब उसी का किया धरा है।

'कांग्रेस पार्टी चाहती है कि वोटर लिस्ट की फिर से जांच हो'
तो वहीं कांग्रेस के युवा चेहरा ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि उन्होंने 60 लाख फर्जी मतदाता होने के सबूत के साथ चुनाव आयोग से शिकायत की है, चुनाव आयोग ने कांग्रेस को लिस्ट में सुधार का भरोसा दिया है। सिधिंया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी चाहती है कि वोटर लिस्ट की फिर से जांच हो और हर रिटर्निंग ऑफिसर से सर्टिफिकेट मांगा जाना चाहिए और जो गलत या फर्जी वोटर लिस्ट मनाते हैं उनके खिलाफ एक्शन लिया जाए।












Click it and Unblock the Notifications