Madhya Pradesh: दलित युवक को बेरहमी से मारा-पीटा, पेशाब पीने के लिए किया गया मजबूर, 3 आरोपी अरेस्ट
Madhya Pradesh Dalit harassment case: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पर दलित समुदाय के एक 25 वर्षीय युवक को कथित तौर पर बेरहमी से पीटा गया और दो बार पेशाब पीने के लिए मजबूर किया गया। यह घटना तब हुई जब युवक ने कथित तौर पर आरोपी के लिए ड्राइवर के रूप में काम करना छोड़ दिया था।
पुलिस ने इस मामले में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपहरण, हमला और अमानवीय व्यवहार का मामला दर्ज किया है। इस घटना के सिलसिले में मंगलवार को सोनू बरुआ, आलोक शर्मा और छोटू ओझा नाम के तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि आरोपियों ने युवक को इसलिए निशाना बनाया क्योंकि उसने उनका ड्राइवर का काम छोड़ दिया था। मुख्य आरोपी सोनू बरुआ दतावली गांव का निवासी है और पीड़ित उसके लिए बोलेरो गाड़ी चलाता था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक ने बताया कि आगे की जाँच जारी है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि सोमवार को तीन लोगों ने उसे ग्वालियर से अगवा किया और भिंड ले गए। वहाँ उसे बेरहमी से पीटा गया और जबरन पेशाब पीने के लिए मजबूर किया गया। भिंड के सुरपुरा थाना क्षेत्र के अकूतपुरा गांव निवासी पीड़ित ने बताया कि उसे ग्वालियर के दीनदयाल नगर स्थित अपने ससुराल से अगवा किया गया था।
पीड़ित के अनुसार, उसे एक एसयूवी में भिंड ले जाया गया और प्लास्टिक के पाइप से पीटा गया। रास्ते में आरोपियों ने गाड़ी रोककर उसे बोतल से पेशाब पीने पर मजबूर किया। इसके बाद उसे अकूतपुरा गांव ले जाया गया, जहाँ उसे लोहे की जंजीर से बांध दिया गया और एक बार फिर पेशाब पीने के लिए मजबूर किया गया। पीड़ित का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पाठक ने पुष्टि की कि "अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपहरण, हमला और अमानवीय व्यवहार का मामला दर्ज किया गया है।" यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब हाल के दिनों में इस तरह के कई मामले सामने आए हैं।
कुछ दिनों पहले कटनी जिले में अवैध खनन का विरोध करने पर एक दलित युवक को चार लोगों ने कथित तौर पर पीटा और उस पर पेशाब किया था। मई में, गुना जिले में विवाद के बाद एक रिश्तेदार को कथित तौर पर अगवा कर राजस्थान ले जाया गया, जहाँ उसे पेशाब पीने और महिला के कपड़े पहनाकर घुमाने के लिए मजबूर किया गया था।
इस साल मार्च में, उज्जैन जिले में एक विवाहित महिला के साथ भागने के बाद एक व्यक्ति को पीटा गया, उसे पेशाब पीने और जूते की माला पहनाने के लिए मजबूर किया गया। जुलाई 2023 में सीधी जिले में एक आदिवासी व्यक्ति पर पेशाब करने वाले एक व्यक्ति का वायरल वीडियो भी राष्ट्रीय स्तर पर आक्रोश का कारण बना था।












Click it and Unblock the Notifications