LPG Shortage: ईरान वॉर के बीच भारत में कितना बचा है तेल और गैस? हरदीप सिंह पुरी ने बताया पूरा सच
Hardeep Puri on LPG Shortage: एलपीजी को लेकर पूरे देश में हायतौबा मची हुई है, विपक्ष भी इसे लेकर उग्र है तो वहीं संसद में इस बारे में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को बड़ा बयान दिया है।
हरदीप सिंह ने कहा कि 'भारत 40 देशों से क्रूड ऑयल ले रहा है। गैस-सिलेंडर पर पैनिक होने की कोई बात नहीं है, हमारे पास पर्याप्त कच्चा तेल है, डीजल-पेट्रोल और गैस सिलेंडर की कोई किल्लत नहीं है, एलएनजी कार्गो रोजाना आ रहे हैं, दूसरे मार्गों से भी सप्लाई आ रही है।'

'भारत अपनी जरुरत का 60% LPG कतर, यूएई, सऊदी अरब और कुवैत जैसी खाड़ी देशों से आयात करता था, 40% का घरेलू उत्पादन होता था। आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आयात का दायरा अमेरिका, रूस, नॉर्वे, कनाडा और अल्जीरिया तक बढ़ाया गया है।'
LPG Shortage: 'रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता से काम कर रही हैं'
पुरी ने कहा कि 'सरकार ने सभी रिफाइनरियों को अपनी C3 (प्रोपेन/प्रोपिलीन) और C4 (ब्यूटेन/ब्यूटीन) हाइड्रोकार्बन धाराओं (streams) के संपूर्ण आउटपुट को एलपीजी LPG उत्पादन की ओर मोड़ने का निर्देश दिया है, रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता से काम कर रही हैं।
कई मामलों में, वे 100% से भी अधिक क्षमता पर चल रही हैं। पेट्रोल, डीजल, केरोसिन, एटीएफ या ईंधन तेल की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल, डीजल, विमानन ईंधन, टरबाइन ईंधन, केरोसिन और ईंधन तेल की उपलब्धता पूरी तरह से सुनिश्चित है।
LPG Shortage: 'भारत की क्रूड सप्लाई की स्थिति सुरक्षित'
पुरी ने कहा कि 'मॉडर्न एनर्जी हिस्ट्री में दुनिया ने ऐसा समय पहले कभी नहीं देखा, भारत की क्रूड सप्लाई की स्थिति सुरक्षित है और जो वॉल्यूम मिला है, वह होर्मुज से मिलने वाले क्रूड से ज़्यादा है। संकट से पहले, भारत का लगभग 45% क्रूड इंपोर्ट होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते से होता था। प्रधानमंत्री की शानदार डिप्लोमैटिक पहुंच और गुडविल की वजह से, भारत ने उतना क्रूड वॉल्यूम हासिल किया है जितना उसी समय में होर्मुज स्ट्रेट से मिल सकता था।'
LPG सप्लाई को लेकर चल रही चिंताओं के बीच, जिससे देश भर के कई रेस्टोरेंट प्रभावित हुए हैं, पुरी ने कहा, 'भारत का कच्चा तेल और घरेलू LPG सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित है, पिछले पांच दिनों में, रिफाइनरी के निर्देशों के जरिए LPG का प्रोडक्शन 28% बढ़ा दिया गया है, और आगे की खरीद अभी चल रही है।'












Click it and Unblock the Notifications