दिल्ली में 10 दिसंबर को नए संसद भवन का भूमि पूजन करेंगे पीएम मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने दी जानकारी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 दिसंबर को दिल्ली में बनने जा रही संसद भवन की नई इमारत की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही इस मौके पर प्रधानमंत्री भूमि पूजन भी करेंगे। इस बात की जानकारी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने दी है। ओम बिड़ला ने कहा, यह फैसला लिया गया है कि नए संसद भवन का शिलान्यास समारोह 10 दिसंबर को दोपहर 1 बजे आयोजित किया जाएगा। समारोह की शुरुआत प्रधानमंत्री द्वारा 'भूमिपूजन' के साथ होगी। भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने पर हम नए संसद भवन में दोनों सदनों का सत्र शुरू करेंगे।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक इस नई इमारत में भारत की लोकतांत्रिक विरासत दिखाने के लिए एक भव्य संविधान हॉल, संसद के सदस्यों के लिए एक लाउंज, एक पुस्तकालय, कई समिति कक्ष, डाइनिंग एरिया और पर्याप्त पार्किंग स्थान भी होगा।
अधिकारियों का कहना है कि आधिकारिक तौर पर पीएम मोदी को आमंत्रित करने के लिए ओम बिड़ला उनसे मिलने उनके आवास पर भी गए थे। इस नई इमारत को ट्रायएंगल की तरह डिजाइन किया जाएगा और इसे मौजूदा कॉम्प्लेक्स के करीब बनाया जाएगा। इमारत को टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड द्वारा 861.90 करोड़ रुपये में बनाया जा रहा है। इसे तैयार होने सालभर का समय लग जाएगा। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग ने इसकी लागत का अनुमान 940 करोड़ रुपये लगाया था।
हालांकि कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी और एनसीपी की सुप्रिया सुले ने इमारत के निर्माण के समय को लेकर सरकार पर निशाना साधा था। इनका कहना था कि सरकार की प्राथमिकता में ये इमारत आती है, जबकि देश अभी कोरोना वायरस महामारी से लड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications