Lok Sabha elections 2024: कांग्रेस का तेलंगाना में बड़ा टारगेट, जानिए कितनी सीटें जीतने का है लक्ष्य?
तेलंगाना के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को बड़ी जीत दिलाने के बाद प्रदेश पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने अपना फोकस अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों की ओर कर दिया है।
टीओआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक तेलंगाना में लोकसभा की जो 17 सीटें हैं, रेवंत रेड्डी ने उनमें से 10 से 16 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए पार्टी की ओर से अभी से नेताओं-कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए जाने की जानकारी है।

कांग्रेस के प्रदर्शन के हिसाब से नेताओं को मिलेगा इनाम!
कांग्रेस पार्टी की ओर से नेताओं से स्पष्ट रूप से कह दिया गया है कि लोकसभा चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करें और उसका इनाम लेने के लिए तैयार रहें। इससे लगता है कि सीएम रेड्डी मंत्रिमंडल के विस्तार के लिए किसी तरह की जल्दबाजी में नहीं हैं।
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा है, 'कांग्रेस में नेताओं का एक ऐसा वर्ग है जो लोकसभा चुनावों के बाद कैबिनेट विस्तार और कॉर्पोरेशन अध्यक्षों के पद पर नियुक्तियां चाहता है और कुछ इच्छुक ऐसे हैं, जो प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व पर कैबिनेट और निगमों में खाली पदों पर जल्द नियुक्तिों के लिए दबाव बना रहे हैं।'
पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर असमंजस
कांग्रेस में एक वर्ग ऐसा भी है जो समझ रहा है मुख्यमंत्री की जिम्मेदारियों की वजह से रेवंत रेड्डी 'बहुत ज्यादा व्यस्त' हो गए हैं, इसलिए नए पार्टी अध्यक्ष की नियुक्ति की संभावना है। वहीं कुछ वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि उन्हें लोकसभा चुनावों में भी पार्टी की अगुवाई करनी चाहिए।
संभावना है कि अगर कांग्रेस आला कमान ने प्रदेश अध्यक्ष बदलने का फैसला किया तो पिछड़े वर्ग (बीसी) के किसी नेता को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
तेलंगाना विधानसभा में जीत से उत्साहित कांग्रेस पार्टी पहले से ही लोकसभा चुनावों के लिए जमीनी कार्य शुरू कर चुकी है। कांग्रेस का लक्ष्य न सिर्फ मौजूदा लोकसभा सीटें-नलगोंडा, मल्काजगिरि और भोंगिर पर कब्जा बरकरार रखना है, बल्कि अभी जो सीटें बीआरएस और बीजेपी के पास हैं, उन्हें भी हासिल करना है।
कांग्रेस उम्मीदवारों के तौर पर राज्य की लोकसभा सीटों के लिए कई नामों की चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं। जिसमें, हैदराबाद के लिए पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन और फिरोज खान का नाम उछल रहा है।
इस सीट से अभी एमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी सांसद हैं। हालांकि, अजहरुद्दीन विधानसभा चुनावों में जुबली हिल्स से हार भी चुके हैं।
तेलंगाना में 2019 में तीसरे नंबर पर रही थी कांग्रेस
2019 के लोकसभा चुनावों में तेलंगाना में टीआरएस (अब बीआरएस) को 9, बीजेपी को 4, कांग्रेस को 3 और एआईएमआईएम को 1 सीट मिली थी। लेकिन, नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में कुल 119 सीटों में से कांग्रेस ने 64 सीटें जीतकर सरकार बना ली।
वहीं बीआरएस को 39, बीजेपी को 8, एआईएमआईएम को 7 और सीपीआई को 1 सीट मिली। इस चुनाव में कांग्रेस और सीपीआई का गठबंधन था। जबकि, बीआरएस और ओवैसी की पार्टी में रणनीतिक तालमेल था।












Click it and Unblock the Notifications