लोकसभा चुनाव 2024: अलग-अलग चुनाव लड़ेंगे BJP और अकाली दल, गठबंधन को लेकर दोनों पार्टियों के बीच नहीं बनी बात
Lok Sabha Election 2024: आगामी लोकसभा चुनाव में अब कुछ ही दिन बचे हैं। अप्रैल में पहले चरण का मतदान होगा। सभी पार्टियां जोरशोर से चुनाव प्रचार में जुट गई हैं। इसके साथ ही सभी पार्टियां अपने उम्मीदवार को भी चुनावी मैदान में उतार रही हैं। इस बीच पंजाब से बड़ी खबर सामने आई है।
बीजेपी और अकाली दल पंजाब में अलग-अलग चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले अटकलें लगाई जा रही थीं कि दोनों पार्टियां फिर से गठबंधन करेंगी। लेकिन दोनों पार्टियों के बीच बात नहीं बनी। जिससे अब बीजेपी और अकाली दल अलग-अलग चुनाव लड़ेंगे।

'अकाली दल ने सरकार बनाने के लिए पार्टी का गठन नहीं किया'
अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल कोई सामान्य राजनीतिक दल नहीं है। यह सिद्धांतों का हिस्सा है, हमारे लिए नंबर गेम से ज्यादा महत्वपूर्ण सिद्धांत हैं। शिरोमणि अकाली दल के गठन हुए 103 साल हो गए। अकाली दल ने सरकार बनाने के लिए पार्टी का गठन नहीं किया है।
हमारे लिए पंजाब मायने रखता है- बादल
उन्होंने कहा कि पंजाब और पंजाबी समुदाय की सुरक्षा शिरोमणि अकाली दल की जिम्मेदारी है। दिल्ली स्थित राष्ट्रीय दल केवल वोट-आधारित राजनीति करते हैं। हम ऐसा करने वाले नहीं हैं। हमारे लिए पंजाब मायने रखता है।
सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी बीजेपी
पंजाब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल के साथ कोई गठबंधन नहीं है। बीजेपी पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।
बता दें कि बीजेपी पंजाब और ओडिशा के अपने पूर्व सहयोगियों को एनडीए में लाने में नाकाम रही। इन दोनों ही राज्यों में भाजपा ने आखिरी समय तक अपने पूर्व सहयोगियों से गठजोड़ की कोशिश की। लेकिन भाजपा की ज्यादा सीटों की मांग के चलते गठबंधन नहीं हो सका।
यह भी पढ़ें- केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ 31 मार्च को दिल्ली में आप की रैली में पंजाब से आएंगे पार्टी समर्थक












Click it and Unblock the Notifications