मायावती की शाहजहांपुर रैली पर बोले योगी के मंत्री, ये सब फ्यूज ट्रांसफार्मर
मायावती की शाहजहांपुर रैली पर बोले योगी के मंत्री, ये सब फ्यूज ट्रांसफार्मर
नई दिल्ली। मायावती की गुरुवार (25 अप्रैल) को शाहजहांपुर में रैली को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा है कि उनके आने से चुनाव पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। शाहजहांपुर से भाजपा विधायक और मंत्री सुरेश खन्ना ने मायावती पर निशाना बनाते हुए कहा है कि ये सब फ्यूज्ड ट्रांसफॉर्मर हैं, इनकी क्या चर्चा करना। मायावती की गुरुवार को शाहजहांपुर में गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में रैली पर सवाल के जवाब में खन्ना ने ये बात कही है।

फ्यूज्ड ट्रांसफॉर्मर से नहीं जलेगा बल्ब
उत्तर सरकार में नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन मंत्री सुरेश खन्ना ने मायावती की शाहजहांपुर रैली पर कहा, देखिए ये सब फ्यूज्ड ट्रांसफॉर्मर हैं, फ्यूज्ड ट्रांसफॉर्मर से अगर कोई तार जोड़ेगा तो ना उसका बल्ब जलेगा, ना पंखा चलेगा, ना पानी मिलेगा ना ही हवा मिलेगी. फ्यूज्ड ट्रांसफॉर्मर की क्या चर्चा करना।

गठबंधन पर भी खन्ना का निशाना
सुरेश खन्ना शाहजहांपुर के भाजपा के मजबूत नेताओं में गिने जाते हैं, वो शाहजहांपुर सीट से लगातार आठ बार विधायक रहे हैं। खन्ना सपा-बसपा-रालोद के गठबंधन पर लगातार हमलावर हैं। हाल ही में मीडिया से बातचीत के दौरान खन्ना ने कहा था कि गठबंधन को वोट देना वोट को कूड़े में डालने जैसा है क्योंकि महागठबंधन के पास कोई विचारधारा नहीं है। वे सिर्फ नरेंद्र मोदी को हटाना चाहते हैं।
पढ़ें- शाहजहांपुर लोकसभा सीट का पूरा चुनावी इतिहास

शाहजहांपुर में मायावती की रैली
बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की गुरुवार को शाहजहांपुर में बरेली मोड़ स्थित मैदान में गठबंधन प्रत्याशी अमरचंद्र जौहर के समर्थन में रैली है। शाहजहांपुर में चौथे चरण में 29 अप्रैल को खेड़ी, हरदोई, मिश्रिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कनौज, कानपुर, अकबरपुर, जालौन, झांसी और हमीरपुर सीटों के साथ चुनाव होना है। देशभर में 17वीं लोकसभा के लिए हो रहे आम चुनाव के नतीजे 23 मई को घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications