2019 का रण: दिल्ली को लेकर शीला दीक्षित का खास प्लान, हर लोकसभा सीट के लिए भेजेंगी तीन नाम
नई दिल्ली। 2019 लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस आलाकमान लगातार रणनीति बनाने में जुटा हुआ है। खास तौर से राजधानी दिल्ली को लेकर पार्टी खास फोकस कर रही है। यही वजह है कि पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष के लिए पार्टी की वरिष्ठ नेता और तीन बार मुख्यमंत्री रहीं शीला दीक्षित पर अपना भरोसा जताया। शीला दीक्षित भी इस जिम्मेदारी को निभाने में कोई कोताही बरतने को तैयार नजर नहीं आ रही हैं। यही वजह है कि उन्होंने दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों को लेकर बेहद खास प्लान तैयार किया है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक शीला दीक्षित ने इन लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के चयन को लेकर अंदरखाने काम शुरू कर दिया है।

दिल्ली में उम्मीदवारों के चयन को लेकर शीला दीक्षित ने बनाया प्लान
जानकारी के मुताबिक दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शीला दीक्षित ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राजधानी की हर एक लोकसभा सीट के लिए तीन-तीन नाम पार्टी आलाकमान को भेजने की रणनीति बनाई है। बताया जा रहा है कि पार्टी की ओर से भेजे गए इन 3 नामों से कांग्रेस वर्किंग कमेटी किसी एक नाम का चुनाव उम्मीदवार के तौर पर उस सीट के लिए करेगी।

हर सीट पर दिल्ली कांग्रेस करेगी 3 नेताओं का चुनाव
दरअसल, राजधानी दिल्ली में अभी सातों लोकसभा सीटों पर बीजेपी के सांसद हैं। हालांकि इस बार के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी कोई मौका हाथ से जाने नहीं देना चाहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश कांग्रेस से जुड़े नेता रणनीतिक तैयारी में जुटे हुए हैं। अभी चर्चा ये भी है कि आम आदमी पार्टी से कांग्रेस का गठबंधन हो सकता है, ऐसी स्थिति को लेकर भी पार्टी के भीतर चर्चा जारी है। हालांकि अभी तक कांग्रेस की ओर से AAP के साथ गठबंधन के संबंध में साफ तौर से कुछ भी सामने नहीं आया है। अगर गठबंधन नहीं होता है तो दिल्ली में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। इस पर भी दिल्ली कांग्रेस की खास नजर है।

एक्टिव नेताओं पर रहेगा पार्टी का फोकस
कुल मिलाकर बीजेपी और आम आदमी पार्टी की उपस्थिति में कांग्रेस पार्टी एक फिर मजबूत वापसी की कोशिश कर रही है। यही वजह है कि पार्टी उम्मीदवारों के चयन को लेकर उनके कद के साथ-साथ सामाजिक और जातीय समीकरण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उम्मीदवारी के लिए पार्टी के कई दिग्गज नेता दावेदारी कर रहे हैं लेकिन रणनीतिकार कुछ नए चेहरों को भी मौका देने पर विचार कर रहे हैं। संभावना है कि पार्टी दूसरे दलों से पार्टी में आने वाले नेताओं को भी मैदान में उतार सकती है।

दिल्ली में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
अपनी खोई हुई जमीन की तलाश में जुटी दिल्ली कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव के लिए मजबूत दावेदारी की कवायद में है। यही वजह है कि पार्टी सभी संसदीय सीट पर एक्टिव तौर पर नजर आ रहे नेताओं पर खास ध्यान दे रही है। पार्टी की इस कवायद के पीछे ये भी वजह है कि टिकट के लिए दावेदारी करने वाले नेता अपने इलाके में बढ़-चढ़कर नजर आएं। इससे इस क्षेत्र के लोगों में उनकी पकड़ और मजबूत हो। फिलहाल शीला दीक्षित के इस सियासी दांव का कितना फायदा कांग्रेस को आने वाले दिनों में मिलेगा ये देखना दिलचस्प होगा।












Click it and Unblock the Notifications