अखिलेश का कांग्रेस पर बड़ा हमला, कहा- समाजवादियों को सबसे अधिक धोखा कांग्रेसियों ने दिया
कानपुर। उत्तर प्रदेश में चौथे दौर का चुनाव प्रचार अपने चरम पर है। इस बीच राजनीतिक दल एक दूसरे के खिलाफ जमकर जवाबी हमला बोल रहे हैं। बुधवार को कानपुर में अपने गठबंधन के प्रत्याशी के समर्थन में रैली करते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर जबरदस्त हमला बोला। अखिलेश यादव ने कांग्रेस को घमंडी बताते हुए कहा कि, समाजवादियों को सबसे अधिक कांग्रेस के लोगों ने धोखा दिया है।

कानपुर में रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि, 'देश में अगर समाजवादियों को कभी किसी ने धोखा दिया है, तो वो कांग्रेस के लोग हैं। कांग्रेस के लोगों ने हमें धोखा दिया है। हालांकि यह बात सही है कि कांग्रेस के साथ हमारा गठबंधन था। हमें नहीं पता था कि कांग्रेस में ज्यादा घमंड है। गठबंधन कुछ नहीं होता है और घमंड बड़ी चीज है। जो कांग्रेस है वही बीजेपी है और जो बीजेपी है वही कांग्रेस है। ये बीजेपी और कांग्रेस के लोग डरा कर राजनीति करना चाहते हैं।
एक क्लिक में जानें अपने लोकसभा क्षेत्र के जुड़े नेता के बारे में सबकुछ
अखिलेश यादव ने कहा कि, अगर भाजपा दोबारा आई तो फिर नोटबंदी हो जाएगी इसीलिए हमें इनकी वोटबंदी करनी है। उन्होंने कहा कि, गंगा की सफाई केवल वही कर सकता है जिसने लखनऊ में गोमती को साफ़ करने का काम किया। भाजपा वालों ने आरएसएस और संविधान दोनों की शपथ ले रखी है। हम दो शपथ लेने वाले लोग नहीं हैं। कानपुर के लोगों को कंफ्यूज नहीं होना है। गठबंधन को भारी मतों से जिताना है।
उन्होंने आवारा पशुओं की समस्या उठाते हुए तंज कसा कि भाजपा उसी को स्मार्ट सिटी कहती है, जहां सड़कों पर सांड घूमते हैं। सांसद मुरली मनोहर जोशी का टिकट काटने पर भी मजाक के लहजे में कहा, भाजपा वाले कूड़ा हटाने की बात करते थे और सांसद को हटा दिया। जिसके दिमाग में गंदगी हो, वह कूड़ा नहीं हटा सकता। चौथे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे और आखिर चरण के लिए 19 मई को वोटिंग होगी। इसके बाद 23 मई को चुनाव के नतीजे आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications