Lok Sabha Elections 2019: राहुल 10 को अमेठी और सोनिया 11 अप्रैल को रायबरेली से भरेंगी पर्चा, प्रियंका रहेगी साथ
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 10 अप्रैल को अमेठी से पर्चा भरेंगे। इसके एक दिन बाद 11 अप्रैल को यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, रायबरेली सीट से पर्चा भरेंगी। दोनों दिन प्रियंका गांधी भी उनके साथ मौजूद रहेंगी। गौरतलब है कि गुरुवार को केरल की वायनाड सीट से राहुल गांधी ने पर्चा भरा। इस दौरान प्रियंका गांधी साथ में मौजूद रहीं। नामांकन से पहले दोनों भाई-बहन की जोड़ी ने रोड शो निकाला और मोदी सरकार पर हमला बोला। इस दौरान राहुल ने कहा कि मोदी सरकार दक्षिण भारत के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है

अब राहुल अपने पारंपरिक सीट अमेठी से 10 अप्रैल को पर्चा भरेंगे। राहुल इस सीट से 2004, 2009 और 2014 का चुनाव जीत चुके हैं। पिछली बार की तरह इस बार भी राहुल की टक्कर बीजेपी की स्मृति ईरानी से होगी। 2014 का चुनाव स्मृति ईरानी करीब एक लाख वोटों से हारी थीं।
आपको बता दें कि रायबरेली और अमेठी सीट कांग्रेस का गढ़ है। रायबरेली सीट से पहली बार पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पति फिरोज गांधी ने जीत हासिल कर कांग्रेस का खाता खोला था। महज तीन बार यहां कांग्रेस के सिवा कोई दूसरी पार्टी जीत सकी है। वो भी तब जब यहां से 'गांधी परिवार' के किसी सदस्य ने चुनाव नहीं लड़ा। इस सीट से इंदिरा गांधी भी संसद पहुंची थीं। 2004 से इस सीट से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और यूपीए की चेयरमैन सोनिया गांधी संसद पहुंच रही हैं।
वहीं, अमेठी सीट को कांग्रेस का दुर्ग कहा जाता है। इस सीट पर अभी तक 16 लोकसभा चुनाव और 2 उपचुनाव हुए हैं। इनमें से कांग्रेस ने 16 बार जीत दर्ज की है। इस सीट से संजय गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी संसद के लिए चुने गए। 2004 से इस सीट से राहुल गांधी जीत रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications