नरेंद्र मोदी का राहुल पर हमला, 1984 के दंगों के लिए नामदार को शर्म आनी चाहिए
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को 1984 के सिख विरोधी दंगों को उठाते हुए कहा कि इसके लिए राहुल गांधी को शर्म आनी चाहिए। मोदी ने कहा कि 35 साल में अगर इनके पीछे के जिम्मेदार लोग पकड़े नहीं गए तो ये कांग्रेस के लिए शर्म करने की बात है। राहुल गांधी ने अपनी पार्टी की ओवरसीज इकाई के प्रमुख सैम पित्रौदा को 1984 के सिख विरोधी दंगे पर उनके कमेंट 'हुआ तो हुआ' के लिए कहा था कि ये गलत है, इस पर आपको लेकर शर्म आनी चाहिए और माफी मांगनी चाहिए। राहुल के इस बयान पर पंजाब के बठिंडा में मोदी ने कहा कि अरे नामदार, शर्म तो आपको आनी चाहिए।

पंजाब में सातवें चरण में 19 मई को मतदान होना है। सोमवार को वो भाजपा की सहयोगी पार्टी अकाली दल की हरसिमरत कौर के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए बठिंडा पहुंचे थे। मोदी ने अपने भाषण में लगातार 1984 के दंगों का जिक्र किया और इसके लिए कांग्रेस पर सवाल उठाए। मोदी ने कहा, शर्म आपको आनी चाहिए। 1984 के दंगों को 35 साल हो गए लेकिन कांग्रेस की करतूतों की वजह से दंगा पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पाया। इंसाफ के नाम पर कांग्रेस वाले कमेटी बनाते गए, कमीशन बनते गए और मामले को रफा-दफा करते रहे। मोदी ने कहा कि इतना ही नहीं जिन पर दंगे के आरोप रहे, उसी व्यक्ति को मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बना दिया।
इससे पहले पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि सिख दंगों को लेकर सैम पित्रोदा ने जो भी कुछ भी कहा है वह गलत है। मैंने उनको यह बातें फोन पर बात की और कहा कि उनको इस पर शर्म आनी चाहिए वह सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। बता दें कि 1984 के सिख दंगों को लेकर कांग्रेस के नेता सैम पित्रोदा ने एक बातचीत में कहा था कि 1984 में जो हुआ वो तो हुआ लेकिन अब क्या हो रहा है, इस पर बात कीजिए। हालांकि उन्होंने इस पर सफाई दी थी कि उनकी बात को गलत समझा गया और उन्होंने इसके लिए माफी भी मांगी।
लोकसभा चुनाव 2019 की विस्तृत कवरेज के लिए क्लिक करें












Click it and Unblock the Notifications