चुनाव आयोग ने पीएम मोदी को दी क्लीन चिट, इन दो मामलों में की गई थी शिकायत
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2019) के दौरान कई नेताओं के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मामला सामने आया है जिसमें मामला चुनाव आयोग (Election Commission) तक पहुंचा है। इसी प्रकार पीएम मोदी के खिलाफ विपक्षी दलों ने कई बयानों को लेकर शिकायत की थी। विपक्ष ने पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के अहमदाबाद में मतदान करने के बाद कथित तौर पर रोड शो करने और इसे आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। चुनाव आयोग ने इस मामले में पीएम मोदी को क्लीन चिट दे दी है।

अहमदाबाद रोड शो के मामले में पीएम मोदी को क्लीन चिट
कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि पीएम मोदी ने 23 अप्रैल को अहमदाबाद में मतदान के बाद रोडशो आयोजित किया था जो कि आचार संहिता का उल्लंघन का मामला है। सूत्रों के मुताबिक,चुनाव आयोग ने पाया है कि पीएम मोदी ने आचार संहिता और चुनाव कानून का कोई उल्लंघन नहीं किया था। इसके अलावा पीएम मोदी के कर्नाटक की रैली के दौरान एक अपील पर भी आपत्ति जताई गई थी।
ये भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव 2019 की हर खबर एक क्लिक में

चित्रदुर्ग रैली के मामले में भी पीएम मोदी को क्लीन चिट
सूत्रों के मुताबिक,आयोग ने पीएम मोदी को कर्नाटक के चित्रदुर्ग में 9 अप्रैल के भाषण को लेकर दर्ज शिकायत के मामले में क्लीन चिट दे दी है, जिसमें कथित तौर पर उन्होंने नए मतदाताओं को बालाकोट हवाई हमले के हीरो को अपना वोट समर्पित करने के लिए कहा था। पीएम मोदी ने इसी प्रकार की अपील पुलवामा आतंकी हमले और बालाकोट एयर स्ट्राइक को लेकर लातूर की रैली में की थी, जिसमें उनको क्लीन चिट मिल चुकी है।

कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर लगाए हैं आरोप
अहमदाबाद मामले में गुजरात के चुनाव अधिकारियों ने पाया है कि पीएम मोदी ने प्रथम दृष्टया चुनाव आचार संहिता का कोई उल्लंघन नहीं किया था। इससे पहले पीएम मोदी के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन के सात मामलों में चुनाव आयोग क्लीन चिट दे चुका है। इसको लेकर कांग्रेस सहित कई दल सवाल उठाते रहे हैं। कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाया है और वह इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट भी पहुंचे हैं।












Click it and Unblock the Notifications