पीएम मोदी के रोड शो पर तमिलनाडु सरकार को झटका, HC से मिली मंजूरी, दक्षिण भारत में खास मिशन पर है बीजेपी
Lok Sabha Elections News: तमिलनाडु के कोयंबटूर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो को मद्रास हाई कोर्ट से मंजूरी मिल गई है। शुक्रवार को अदालत ने तमिलनाडु पुलिस को आदेश दिया है कि सोमवार को होने वाले रोड शो को अनुमति दे।
सोमवार को पीएम मोदी कोयंबटूर में 4 किलोमीटर लंबी रोड शो करने वाले हैं, लेकिन कानून और व्यवस्था के नाम शुक्रवार सुबह पुलिस ने इसकी अनुमति देने से इनकार कर दिया था। डीएमके सरकार ने इजाजत नहीं देने के लिए एक परीक्षा का भी हवाला दिया था।

तमिलनाडु पुलिस ने कहा था कि किसी को निशाना नहीं बना रहे
तमिलनाडु पुलिस की दलील थी कि कुछ और पार्टियों को ऐसी ही इजाजत देने से मना किया गया है, इसलिए किसी विशेष को निशाना बनाने का कोई सवाल नहीं है।
मद्रास हाई कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार की दलील ठुकराई
लेकिन, अदालत ने कहा कि जिस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री होते हैं, उसमें राज्य की सुरक्षा एजेंसियों का रोल बहुत कम होता है, क्योंकि उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की होती है। इसपर पुलिस ने यह बताने की कोशिश की कि फिर भी वह 'सामान्य जिम्मेदारी' मानती है।
इस आधार पर रोकना चाह रही थी पीएम मोदी का रोड शो?
खबरों के मुताबिक तमिलनाडु पुलिस ने पीएम मोदी के रोडशो को मंजूरी नहीं देने की चार वजहें बताई थीं- सुरक्षा को जोखिम, आम जनता की परेशानी, कोयंबटूर का सांप्रदायिक इतिहास और छात्रों को होने वाली दिक्कत।
दक्षिण भारत की 130 सीटों पर भाजपा लगा रही है पूरा जोर
दक्षिण भारत के पांच राज्यों और पुडुचेरी मिलाकर लोकसभा की कुल 130 सीटें हैं। भाजपा ने एनडीए के लिए 400 पार और अपने लिए 370 सीटों से ज्यादा जीतने के लिए इस बार देश के इस भाग के लिए खास रणनीति बनाई है।
19 मार्च तक दक्षिण भारत में पीएम मोदी करेंगे धुआंधार प्रचार
इसी के तहत चुनावों की घोषणा के ठीक एक दिन पहले प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को इन्हीं राज्यों से चुनाव अभियान की शुरुआत भी कर दी है। भाजपा नेताओं ने बताया है कि 19 मार्च तक पीएम मोदी उन सभी स्थानों पर जाएंगे, जहां पार्टी को इस बार लाभ मिलने की उम्मीद है।
17 मार्च को टीडीपी-बीजेपी-जनसेना की संयुक्त रैली को संबोधित करेंगे
17 मार्च यानी रविवार को वे आंध्र प्रदेश में टीडीपी-बीजेपी और जनसेना की संयुक्त रैली को संबोधित करेंगे। इन तीनों पार्टियों के एकजुट होने से इस बार राज्य में सत्ताधारी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी की चुनौती बढ़ गई है।
शनिवार को कर्नाटक तेलंगाना में होंगे पीएम मोदी
वहीं भाजपा नताओं के मुताबिक शनिवार को पीएम मोदी तेलंगाना के नगरकुर्नूल और कर्नाटक के गुलबर्गा में चुनाव अभियान में उतरेंगे। गुलबर्गा सीट कभी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का गढ़ रहा था, लेकिन 2019 में भाजपा ने उन्हें वहीं पर हरा दिया था।
सोमवार भी तीन दक्षिण भारतीय राज्यों का दौरा
वहीं सोमवार को पीएम मोदी का तेलंगाना के जगतियल और कर्नाटक के शिवमोगा में रैली के अलावा तमिलनाडु के कोयंबटूर में रैली का कार्यक्रम है।
19 मार्च को भी तमिलनाडु केरल में रहेंगे
जबकि, 19 मार्च को वे केरल के पलक्कड़ में भी रोडशो करेंगे और तमिलनाडु के सलेम में एक रैली को संबोधित करेंगे। शुक्रवार को उनका तमिलनाडु और केरल में राजनीतिक कार्यक्रम और तेलंगाना में रोड शो तय किया गया था।
2019 में बीजेपी कर्नाटक में तो 28 में से 25 सीटें जीती थी और तेलंगाना में उसे 17 में से 4 सीटें मिली थीं। लेकिन, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications