लोकसभा चुनाव: वाराणसी में पीएम मोदी की बड़ी जीत के लिए क्या है बीजेपी का नया टारगेट?
2024 Lok Sabha Chunav News: भारतीय जनता पार्टी और एनडीए को बड़ी जीत दिलाने के लिए जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 370 और 400 से ज्यादा सीटों का लक्ष्य तय किया है, वहीं यूपी की वाराणसी लोकसभा सीट पर उनकी हैट्रिक के लिए पार्टी ने भी बड़ा लक्ष्य बनाया है।
इस बार बीजेपी वाराणसी सीट पर प्रधानमंत्री की रिकॉर्ड जीत सुनिश्चित करने के लिए 'अबकी बार 10 लाख पार' का नारा दे रही है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि इस लक्ष्य के लिए पार्टी के स्थानीय नेताओँ और कार्यकर्ताओं ने बड़े पैमाने पर अभियान भी शुरू कर दिया है।

'अबकी बार 10 लाख पार'
बीजेपी के वाराणासी नगर प्रमुख विद्यासागर राय ने ईटी से बातचीत में कहा है, 'हमारा टारगेट इस बार पीएम मोदी को सबसे ज्यादा वोट प्राप्त करने वाला संसद सदस्य बनाना है। हमारे कार्यकर्ताओं का नारा है, अबकी बार 10 लाख पार।'
2019 में वाराणसी का परिणाम
2019 के लोकसभा चुनाव में वाराणसी सीट पर पीएम मोदी को 6,74,664 वोट मिले थे, जो कि लगभग 64% था। दूसरे स्थान पर समाजवादी पार्टी की शालिनी यादव रही थीं, जिन्हें 18.4% वोट मिले थे। पीएम मोदी ने उन्हें करीब 4,80,000 वोटों से हराया था।
2014 में वाराणसी का परिणाम
2014 में उन्हें इसी सीट पर 5,81,022 वोट मिले थे। यानी उनके वोट शेयर में सिर्फ 5 साल में 7.25% का उछाल आ गया था। तब दूसरे नंबर पर आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल रहे थे, जिन्हें सिर्फ 20.30% वोट मिले थे।
सबसे ज्यादा वोट प्राप्त करने वाला सांसद बनाने का लक्ष्य
पिछले दो चुनावों में वाराणसी सीट पर पीएम मोदी की बढ़ती लोकप्रियता ने ही बीजेपी का हौसला बुलंद किया है। पार्टी को लगता है कि दोनों ही चुनावों में विपक्षी दलों ने प्रधानमंत्री के चुनाव को मुश्किल बनाने के लिए अपनी सारी हसरतें पूरी कर ली हैं। इसलिए, भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा है और वह उनके लिए अबकी बार जीत का कीर्तिमान स्थापित करना चाहते हैं।
2009 के लोकसभा चुनाव में गुजरात की नवसारी सीट पर बीजेपी के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल को 9,73,000 वोट मिले थे। इतने ज्यादा वोटों ने उन्हें सबसे ज्यादा मार्जिन 6,89,000 से जीतने वाला सांसद बना दिया था।
10 वर्षों में बदल गया है वाराणसी
इस तथ्य से कोई इनकार नहीं कर सकता कि पिछले 10 वर्षों में जबसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, वहां विकास के तमाम कार्य हुए हैं और काशी के लोगों का जीवन पहले के मुकाबले काफी सुलभ हुआ है।
यही वजह है कि पार्टी इसी को अपनी जीत का एजेंडा बनाकर चल रही है। वाराणसी के भाजपा जिलाध्याक्ष हंसराज विश्वकर्मा का कहना है, 'उन्होंने जो भी संकल्प लिया है, उसे उन्होंने पूरा किया है। राष्ट्रीय स्तर पर जो माइलस्टोन हासिल हुए हैं, उसके अलावा अगर हम सिर्फ काशी को देखें तो यह बदल चुका है। यह एक नई काशी है।'
प्रधानमंत्री की लोकप्रियता की एक वजह ये भी मानी जाती है कि वह दुनिया में कहीं भी रहते हैं, वाराणसी से हमेशा जुड़े रहते हैं। अब पार्टी वाराणसी के पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए 31 मार्च को एक 'टिफिन मीट' कार्यक्रम भी आयोजित करवाने जा रही है, जिसमें पीएम मोदी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications