Lok Sabha Polls: 7 पूर्व CM और कई केंद्रिय मंत्रियों का भाग्य EVM में बंद, यहां देखें पूरी LIST
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान आज यानी 19 अप्रैल सुबह 7 बजे शुरू हुआ। इस चरण में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 लोकसभा सीटों पर मतदान हुए। शाम पांच बजे तक देश भर में 60 फीसदी वोटिंग हुई।
खास बात यह है कि पहले चरण के मतदान में अलग-अलग राज्यों के 7 पूर्व मुख्यमंत्री और कई केंद्रीय मंत्री भी सांसद बनने की रेस में ताल ठोक रहे हैं। जिनकी किस्मत पिटारों में शाम 6 बजे तक कैद हो गई है। अब 4 जून को सभी उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। आइए आपको मिलवाते हैं इन 7 पूर्व मुख्यमंत्री से....

बिहार की गया सीट से जीतन राम मांझी
बिहार के पूर्व सीएम और हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (HAM) के नेता जीतन राम मांझी गया लोकसभा सीट से ताल ठोक रहे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, शाम 5 बजे तक करीब 48.54 फीसदी मतदान इस सीट पर हुए। आपको बता दें कि इनकी पार्टी एनडीए का हिस्सा। इन्हें जेडीयू का समर्थन भी मिला है।
उत्तराखंड की हरिद्वार सीट से त्रिवेंद्र सिंह रावत
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी सांसद बनने की रेस में हैं। रावत हरिद्वार लोकसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनावी रण में उतरे हैं। राज्य में शाम पांच बजे तक 54.09 फीसदी मतदान हुए हैं।
अरुणाचल पश्चिम सीट से नबाम तुकी
अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नबाम तुकी भी चुनावी रेस में हैं। नबाम तुकी कांग्रेस के टिकट पर अरुणाचल पश्चिम लोकसभा सीट से चुनावी रण में हैं। आयोग के मुताबिक, दोपहर तीन बजे तक 55.23 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
त्रिपुरा से बिप्लब देब
त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब भी लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। बीजेपी के टिकट पर त्रिपुरा पश्चिम संसदीय सीट से चुनावी रण में हैं। त्रिपुरा में शाम 5 बजे तक 76 फीसदी मतदान हुए।
पुडुचेरी से वी. वैद्यलिंगम
पुडुचेरी के पूर्व सीएम वी. वैद्यलिंगम भी चुनावी रण में हैं। कांग्रेस के टिकट पर पुडुचेरी लोकसभा सीट से सांसद बनने की रेस में हाथ आजमा रहे हैं। आपको बता दें कि शाम 5 बजे तक राज्य में 72 .84 फीसदी मतदान हुए।
तमिलनाडु से ओ. पनीरसेल्वम
तमिलनाडु के पूर्व सीएम ओ. पनीरसेल्वम रामनाथपुरम लोकसभा सीट से चुनावी रण में हैं। खास बात यह है कि पनीरसेल्वम निर्दलीय इस बार इस चुनावी युद्ध में हैं। मतदान की बात करें तो, शाम 5 बजे तक राज्य में 62.2 फीसदी मतदान हुए हैं।
असम से सर्बानंद सोनोवाल
असम के पूर्व सीएम सर्बानंद सोनोवाल भी सांसद बनने की रेस में हैं। बीजेपी के टिकट पर असम की डिब्रूगढ़ लोकसभा सीट से ताल ठोक रहे हैं। आयोग के मुताबिक, शाम 5 बजे तक 70.77 फीसदी मतदान हुए हैं।
कई केंद्रीय मंत्री भी आजमा रहे किस्मत
महाराष्ट्र की नागपुर सीट से नितिन गडकरी
केंद्रीय सड़क एवं भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी अपना तीसरा लोकसभा चुनाव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) मुख्यालय, नागपुर से चुनावी रण में हैं। नागपुर पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा कांग्रेस विधायक विकास ठाकरे को टक्कर दे रहे हैं।
संजीव बालियान
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान चुनावी रण में हैं। जिनका मुकाबला समाजवादी पार्टी के हरेंद्र मलिक और बसपा उम्मीदवार दारा सिंह प्रजापति से है।
जीतेन्द्र सिंह
दो बार के सांसद और पीएमओ में केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह का लक्ष्य उधमपुर में हैट्रिक बनाना है। वह कांग्रेस नेता चौधरी लाल सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
राजस्थान में दो केंद्रीय मंत्री
राजस्थान की बीकानेर संसदीय सीट से केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल चुनावी रण में हैं। इनका मुकाबला कांग्रेस के पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल से है। वहीं, अलवर जिले के मत्स्य क्षेत्र से मौजूदा सांसद बालक नाथ की जगह लेने वाले केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सदस्य भूपेंद्र यादव चुनावी रण में हैं। जिनका मुकाबला मौजूदा कांग्रेस विधायक ललित यादव से है। उन्हें यादव समुदाय का समर्थन प्राप्त है।
तमिलनाडु के नीलगिरी से एल मुरुगन
केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन तमिलनाडु के नीलगिरी से चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट का प्रतिनिधित्व डीएमके के दिग्गज ए राजा कर रहे हैं, जो इस निर्वाचन क्षेत्र से दूसरा कार्यकाल चाह रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications