Lok Sabha Chunav 2024: कौन है सरबजीत सिंह खालसा, इंदिरा गांधी की वजह से क्यों हो रही है चर्चा?
Faridkot Lok Sabha Chunav 2024: पंजाब की फरीदकोट (सुरक्षित) लोकसभा सीट से सरबजीत सिंह खालसा की उम्मीदवारी को लेकर खूब चर्चा शुरू हो गई है। 45 साल का सरबजीत सिंह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के एक हत्यारे बेअंत सिंह का बेटा है।
एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस बार वह निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए उतरा है। सरबजीत सिंह का दावा है कि उससे कई लोगों ने कहा है कि वह फरीदकोट से चुनाव मैदान में उतरे और उसने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

पहले भी कई चुनाव लड़ चुका है सरबजीत सिंह खालसा
रिपोर्ट के मुताबिक, वह 2007 में पंजाब विधानसभा चुनाव में बरनाला जिले की बहादुर सीट से भी लड़ चुका है। उसे तब 15,702 वोट भी मिले थे। रिपोर्ट के मुताबिक 2004 में वह बठिंडा सीट से लोकसभा का चुनाव भी लड़ चुका है और उसे उस चुनाव में 1,13,490 वोट मिले थे।
2014 में 3.5 करोड़ रुपए घोषित की थी संपत्ति
इसी तरह वह 2009 और 2014 में क्रमश: बठिंडा और फतेहगढ़ साहिब (सुरक्षित) लोकसभा सीट से भी चुनावी किस्मत आजमा चुका है, लेकिन हर बार ही उसे निराशा ही हाथ लगी है। 2014 के चुनावी हलफनामे में उसने अपनी संपत्ति 3.5 करोड़ रुपए घोषित की थी। रिपोर्ट के मुताबिक 2019 में भी उसने बहुजन समाज पार्टी से चुनावी दांव खेला था, लेकिन उसे तब भी नाकामी हाथ लगी।
सरबजीत का पिता बेअंत इंदिरा गांधी के दो हत्यारों में एक था
12वीं क्लास ड्रॉपआउट सरबजीत का पिता उन दो हत्यारों में शामिल था, जिन्होंने 31 अक्टूबर, 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके आवास में ही हत्या कर दी थी। इंदिरा गांधी का दूसरा हत्यारा सतवंत सिंह था। दोनों ही उनके बॉडीगार्ड थे, जिन्होंने गोलियों से उन्हें छलनी कर दिया था।
राजनीतिक रसूख वाले परिवार से है पुराना नाता
सरबजीत सिंह खालसा के परिवार का राजनीतिक रसूख पुराना है। उसकी मां बिमल कौर 1989 में रोपड़ से सांसद रह चुकी हैं तो उसके नाना सुचा सिंह ने उसी वर्ष बठिंडा का प्रतिनिधित्व किया था। फरीदकोट सीट पर 2019 में कांग्रेस के मोहम्मद सादिक की जीत हुई थी।
पंजाब की 13 लोकसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 1 जून को चुनाव होने हैं। फरदीकोट सीट पर इस बार बीजेपी ने उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के अपने मौजूदा सांसद और सूफी गायक हंस राज हंस को उतारा है। वहीं आम आदमी पार्टी ने ऐक्टव करमजीत अनमोल को टिकट दिया है।












Click it and Unblock the Notifications