Lok Sabha Chunav: इस चक्कर में कांग्रेस के लपेटे में आए गुजरात असेंबली के स्पीकर! चुनाव आयोग से हुई शिकायत
Gujarat Lok Sabha Chunav 2024: कांग्रेस ने शुक्रवार को गुजरात विधानसभा के स्पीकर शंकर चौधरी के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत करके उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने उनपर भाजपा के लिए वोट मांगने का आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उन्होंने आदर्श आचार संहिता और संसदीय परंपराओं का उल्लंघन किया है।
कांग्रेस का दावा है कि संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति किसी राजनीतिक दल के लिए प्रचार नहीं कर सकता। कांग्रेस प्रवक्ता मनीष दोषी के मुताबिक पार्टी ने 11 अप्रैल को चुनाव आयोग से की गई अपनी शिकायत में स्पीकर शंकर चौधरी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

बीजेपी उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने का दावा
कांग्रेस प्रवक्ता का दावा है कि शंकर चौधरी ने बनासकांठा से भाजपा की लोकसभा उम्मीदवार रेखा चौधरी के समर्थन में एक सभा आयोजित की था, इसके लिए वे कुछ वीडियो का हवाला भी दे रहे हैं।
स्पीकर को प्रचार करने का कोई अधिकार नहीं है- कांग्रेस
दोषी ने मुख्य चुनाव आयुक्त से की गई अपनी शिकायत में कहा है, 'श्री शंकर चौधरी गुजरात विधानभा के अध्यक्ष हैं और उन्हें किसी भी राजनीतिक दल या किसी उम्मीदवार के लिए प्रचार करने का कोई अधिकार नहीं है।' कांग्रेस नेता के मुताबिक, 'उनकी नियुक्ति जिस दिन से गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष के रूप में हो गई, उसी दिन से वे किसी राजनीतिक दल के सदस्य नहीं रहे।'
'स्पीकर किसी राजनीतिक दल का नहीं रह जाता'
उन्होंने कहा कि 'संसदीय परम्पराएं एवं प्रक्रियाएं भाग-1' में चैप्टर 9 के पैरा-2 में कहा गया है, 'जिस समय एक व्यक्ति स्पीकर बनता है, वह पूरी तरह स राजनीतिक गतिविधियों से अलग हो जाता है और वह किसी राजनीतिक दल का नहीं रह जाता।'
उन्होंने अपनी शिकायत में जो कहा है, उसके मुताबिक गुजरात विधानसभा स्पीकर ने कथित रूप से इस संसदीय परंपरा और प्रक्रियाओं को तोड़ा है, इसलिए उन्हें 2024 के संसदीय चुनावों के लिए कोई भी राजनीतिक प्रचार करने से रोकने की कार्रवाई के लिए तत्काल आदेश दिया जाना चाहिए
कांग्रेस के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए गुजरात बीजेपी के संयोजक यग्नेश दवे ने कहा कि यह चुनाव आयोग पर निर्भर है कि वह इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है। गुजरात में लोकसभा की 26 सीटें हैं और इन सभी सीटों पर 7 मई को एक ही चरण में वोट डाले जाएंगे। मतों की गिनती 4 जून को होगी। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications