महिमा-रिया को छोड़ने के बाद अब किम शर्मा को डेट कर रहे हैं लिएंडर पेस? क्या है सच?
नई दिल्ली, 14 जुलाई। लंबे अरसे बाद 'मोहब्बतें' फेम अभिनेत्री किम शर्मा सुर्खियों में हैं, वजह है उनकी और टेनिस चैंपियन लिएंडर पेस की वायरल तस्वीरें, जो कि दोनों के रोमांस को बयां कर रही हैं। हाल ही में दोनों गोवा वेकेशन पर थे, जहां की कुछ तस्वीरें इस वक्त सोशल मीडिया पर सुर्खियां बनी हैं, जिन्हें देखकर कोई भी अंदाजा लगा सकता है कि ये दोनो दोस्त नहीं बल्कि उससे कहीं ज्यादा हैं, क्योंकि दोनों तस्वीरों में एक-दूसरे के काफी करीब नजर आ रहे हैं।

लिएंडर पेस को डेट कर रही हैं किम शर्मा?
वायरल हो रही एक तस्वीर में दोनों साथ में खाने की टेबल पर बैठे नजर आ रहे हैं तो वहीं दूसरी तस्वीर में किम, पेस की बांहों में हैं, जिसके बाद ही दोनों को लेकर बातें हो रही हैं। हालांकि दोनों की ओर से इस रिलेशनशिप और तस्वीरों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

युवराज सिंह की गर्लफ्रेंड रह चुकी हैं किम
मालूम हो कि एक जमाने में किम शर्मा, क्रिकेटर युवराज सिंह की गर्लफ्रेंड थीं, दोनों लंबे रिलेशनशिप में थे लेकिन कहते हैं कि युवराज की मां को किम पसंद नहीं थीं, जिसके कारण दोनों का रिश्ता शादी तक नहीं पहुंचा और दोनों का ब्रेकअप हो गया था, हालांकि बाद में युवराज ने हैजल कीच से शादी कर ली और किम ने साल 2010 में केन्याई बिजनेसमेन अली पुंजानी से शादी कर ली थी और फिल्मी दुनिया को बॉय-बॉय कर दिया था।

पेस की वजह से लाइमलाइट में किम
लेकिन शादी के 6 साल बाद किम, वापस मुंबई आ गईं क्योंकि उनका तलाक हो गया था। उस वक्त वो काफी सुर्खियों में थीं क्योंकि ऐसी खबरें थीं कि केन्याई बिजनेसमेन अली पुंजानी ने दूसरी औरत के लिए किम को छोड़ दिया था और किम उस वक्त आर्थिक तंगी से गुजर रही थीं। हालांकि मुंबई आने के बाद उन्हें कुछ काम मिला था। अब एक बार फिर से वो पेस की वजह से लाइमलाइट में आई हैं।

महिमा चौधरी थी गर्लफ्रेंड
तो वहीं दूसरी ओर लिएंडर पेस इससे पहले 'परदेस' फेम एक्ट्रेस महिमा चौधरी को डेट कर चुके हैं, दोनों का रिलेशनशिप काफी लंबा चला था लेकिन शादी तक नहीं पहुंचा क्योंकि दोनों के बीच में मॉडल रिया पिल्लई आ गई थीं। पेस-महिमा का रिलेशन 6 साल तक चला था। हालांकि पेस और पिल्लई का रिश्ता भी ज्यादा लंबा नहीं चला। माॉडल रिया, एक्टर संजय दत्त की दूसरी पत्नी थीं, उन्होंने साल 1998 में रिया से दूसरी शादी की थी लेकिन साल 2008 में दोनों का तलाक हो गया था।

रिया ने पेस पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था
कहा गया था कि इस तलाक की वजह पेस ही थे। संजय से अलग होने के बाद रिया, पेस के साथ लिवइन में रहने लगी थीं लेकिन इसके कुछ वक्त ही दोनों में खटपट होने लगीं। हद तो तब हो गई जब रिया ने पेस पर घरेलू हिंसा का आरोप लगा दिया था।
रिया से पेस को एक बेटी है
दोनों की एक बेटी भी है, जिसके गुजारे के लिए रिया ने पेस से गुजारे भत्ते की मांग की थी लेकिन पेस ने यह कहकर इंकार कर दिया था कि रिया उनकी पत्नी नहीं है। दोनों लंबे वक्त से अलग है और अब एक बार फिर से पेस अपने अफेयर के कारण ही चर्चा में आए हैं। फिलहाल सभी को अब किम-पेस की प्रतिक्रिया का इंतजार है।












Click it and Unblock the Notifications