भाजपा MLA के विवादित बयान पर बोले कुमार विश्वास, 'कोई विधायक जी की जहालत को जस्टिफाई करके बताए'
नई दिल्ली। हाथरस की वीभत्स घटना के बाद हर कोई आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की मांग कर रहा है, लेकिन इस बीच जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ने लड़कियों को रेप से बचने की नसीहत दी है, उसके बाद उनकी हर तरफ आलोचना हो रही है। जानेमाने कवि कुमार विश्वास ने भी बलिया से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह के विवादित बयान पर उनकी आलोचना की है और कहा कि आखिर कैसे इस तरह का कोई बयान दे सकता है,र क्या इनके कुतर्कों को जस्टिफाई किया जा सकता है।

जमकर लगाई लताड़
कुमार विश्वास ने भाजपा विधायक का वीडियो साझा करते हुए कहा, बड़े से बड़ा पार्टी भक्त इन विधायक जी की जहालत को जस्टिफ़ाई कर के बताए? कुतर्कों की और सोच की नीचता कहां तक है,पता तो चले? यानी जिन बच्चियों के साथ दुष्कृत्य हुआ उनके परिवार वालों ने बच्चियों को अच्छे संस्कार नहीं दिए ? यह बयान सुनकर आपके मन में पहला विचार किया आया? सच बताना।

क्या कहा भाजपा विधायक ने
बता दें कि बलिया के बैरिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक सुरेन्द्र सिंह ने कहा है कि रेप की घटनाएं कानून बनाकर या किसी डर से नहीं रोकी जा सकती हैं। रेप तभी रुकेंगे, जब जवान होती लड़कियों को उनका परिवार और माता-पिता अच्छे संस्कार देंगे। हाथरस की घटना पर पूछे एक सवाल पर उन्होंने ये कहा। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि जो रिपोर्ट हैं, उनमें साफ हो गया है कि हाथरस में रेप नहीं हुआ था, युवती के साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हुई है।
Recommended Video

संस्कार से ही रुक सकती हैं ये घटनाएं
भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने योगी सरकार में तमाम दावों के उलट रेप की बढ़ती घटनाओं के सवाल पर कहा, ये घटनाएं संस्कार से ही रुक सकती हैं, शासन और तलवार से रुकने वाली नहीं हैं। मैं विधायक के साथ-साथ एक शिक्षक हूं इसलिए कह रहा हूं कि बच्चों में संस्कार डाले। सभी माता-पिता का धर्म है वे अपनी जवान बेटी को संस्कार दें और अच्छे वातावरण में पालें। उसके चाल-चलन में एक शालीनता होनी चाहिए। यह सबका धर्म है, मेरा भी धर्म है, सरकार का भी धर्म है लेकिन परिवार का भी धर्म है।

यूपी में सबको सुरक्षा का किया दावा
सुरेंद्र सिंह ने कहा कि दलित हो या ब्राह्मण बेटी, बेटी ही होती है। सबको सुरक्षा मिलनी चाहिए, लेकिन विपक्षी पार्टी अपने फायदे के लिए दलित की बेटी कहकर समाज को बांटने में लगे हुए हैं। राहुल गांधी व प्रियंका गांधी दोनों भाई बहन होटल बोतल के संस्कार वाले हैं, ये लाख कोशिश कर लें, उत्तर प्रदेश की जमीन पर कांग्रेस स्थापित होने वाली नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications