Kolkata Airport Bomb Threat: कोलकाता एयरपोर्ट पर बम अलर्ट, शिलांग जाने वाली IndiGo फ्लाइट में मिले चिट्ठी
Kolkata Airport Bomb Threat: आज शनिवार 14 फरवरी की सुबह एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को बड़ी चुनौती मिली। दरअसल, कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (Netaji Subhas Chandra Bose Airport ) पर उस समय हड़कंप मच गया, जब इंडिगो की एक फ्लाइट में बम होने की खबर सामने आई।
कोलकाता से शिलांग जाने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 3074 में यह 'बम थ्रेट' मिलने के बाद विमान को तुरंत आइसोलेशन बे (Isolation Bay) में ले जाया गया।

इंडिगो की शिलांग जाने वाली फ्लाइट (6E 3074) में बम की सूचना मिलने के बाद यात्रियों और चालक दल के बीच अफरा-तफरी मच गई। यह घटना विमान के उड़ान भरने से ठीक पहले हुई, जिसके कारण टेक-ऑफ को तुरंत रोक दिया गया।
IndiGo Flight 6E3074 के टॉयलेट में मिली संदिग्ध चिट्ठी
कोलकाता एयरपोर्ट के निदेशक के अनुसार, इंडिगो की यह उड़ान अपने निर्धारित समय यानी सुबह 9:15 बजे प्रस्थान करने वाली थी। बोर्डिंग की प्रक्रिया के दौरान जब क्रू मेंबर नियमित जांच कर रहे थे, तभी उन्हें विमान के टॉयलेट कंपार्टमेंट (शौचालय) के अंदर एक कागज का टुकड़ा मिला।
इस चिट्ठी पर स्पष्ट रूप से लिखा था कि विमान के अंदर बम है। जैसे ही क्रू ने इस धमकी भरी चिट्ठी को देखा, तुरंत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत एयरपोर्ट अथॉरिटी और सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया गया।
जांच और तलाशी अभियान जारी
विमान को मुख्य रनवे से हटाकर तुरंत 'आइसोलेशन बे' में ले जाया गया, ताकि अन्य विमानों और यात्रियों को खतरे से दूर रखा जा सके।विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से नीचे उतारा गया। यात्रियों को सुरक्षित क्षेत्र में ले जाकर उनकी और उनके सामान की सघन तलाशी शुरू की गई।
मौके पर CISF, बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) और स्निफर डॉग्स की टीमें पहुंच चुकी हैं। विमान के हर हिस्से, कार्गो होल्ड और यात्रियों के हैंड बैगेज की बारीकी से जांच की जा रही है। एयरपोर्ट निदेशक ने कहा- बम की धमकी मिलने के बाद विमान को आइसोलेशन बे में शिफ्ट कर दिया गया है। फिलहाल चेकिंग की प्रक्रिया जारी है। सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यात्रियों में दहशत का माहौल
वैलेंटाइन डे की सुबह हुई इस घटना से यात्रियों में काफी डर देखा गया। शिलांग जाने वाले कई पर्यटक और स्थानीय लोग इस अप्रत्याशित देरी और सुरक्षा जांच के कारण हवाई अड्डे पर फंसे हुए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह चिट्ठी किसने रखी थी, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और यात्रियों की सूची की जांच कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications