Kisan Andolan LIVE: 'ग्रामीण भारत बंद' पर बोले राकेश टिकैत, कहा- हाईवे बंद नहीं होंगे, बैठकें जारी रहेंगी
Kisan Andolan 2.0 live updates: अपनी मांगों को लेकर 'दिल्ली-चलो' मार्च निकाल रहे पंजाब के किसानों के आंदोलन का आज तीसरा दिन है। किसानों की मांगों को लेकर केंद्र सरकार आज फिर आंदोलनकारी संगठनों से बातचीत भी करेगी। सरकार की तरफ से केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किसान यूनियनों के प्रतिनिधियों से उनके मुद्दों पर चर्चा करेंगे। वहीं, किसान संगठनों का कहना है कि वो सकारात्मक रवैये के साथ सरकार से बातचीत के लिए तैयार हैं लेकिन अपनी मांगों के पूरा होने तक वापस नहीं लौटेंगे। पढ़िए, इस पूरे मामले से जुड़े सभी लाइव अपडेट्स।

लाइव अपडेट:-
LIVE Feed
रविवार को होगी अगली बैठक
किसान यूनियनों के साथ बैठक खत्म होने के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि आज सरकार और किसान यूनियनों के बीच बहुत सकारात्मक चर्चा हुई। किसान यूनियन द्वारा उठाए गए विषयों पर ध्यान केंद्रित करते हुए हमने फैसला किया है कि अगली बैठक रविवार शाम 6 बजे होगी। हम सभी शांतिपूर्वक समाधान निकालेंगे।
हमारा अन्न दाता आतंकवादी नहीं हैं- नकवी
किसानों के विरोध पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि जब जनता ने पीएम नरेंद्र मोदी को अपना जनादेश दिया तो उन्होंने कृषि और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने को पहली प्राथमिकता दी। कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय बनाया गया। लेकिन दुर्भाग्य से कुछ स्वार्थी तत्व एमएसपी को 'अधिकतम स्वार्थ कार्यक्रम' मान रहे हैं। वे कुछ किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। जो लोग बैंगन और बर्गर में, प्याज और पिज्जा में, अंतर नहीं कर सकते रबी और ख़रीफ़ की फ़सलें कुछ किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं। हमारा 'अन्न दाता' कोई आतंकवादी नहीं है, कोई अपराधी नहीं है। उन्हें समझना चाहिए कि कौन उनका विश्वास खोना चाह रहा है।
17 फरवरी को सिसौली में मासिक पंचायत
किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि 17 फरवरी को सिसौली में मासिक पंचायत होगी। MSP पर हमारी मांग तो है लेकिन पंजाब और हरियाणा में जो घटनाएं हो रही हैं, उस पर रणनीति बनानी होगी। हमें ऐसी उम्मीद है। हमने कहा है कि इसके लिए भीड़ के रूप में इकट्ठा न हों। जहां तक बंद का सवाल है, हमने लोगों से स्वेच्छा से भाग लेने का आग्रह किया है।
'ग्रामीण भारत बंद' पर बोले राकेश टिकैत
किसानों का विरोध को लेकर किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा, "हमने 'ग्रामीण भारत बंद' के बारे में बात की है-कि किसान कल अपने खेतों में न जाएं। यह कल एक बड़ा संदेश देगा। इस आंदोलन की एक नई विचारधारा है, एक नई पद्धति है। हाईवे बंद नहीं होंगे, बैठकें जारी रहेंगी और हम वहीं निर्णय लेंगे।"
किसान आंदोलन पर बोले अशोक गहलोत
दौसा, राजस्थान: किसानों के विरोध पर राजस्थान के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि यह बीजेपी सरकार की एक और विफलता है। मैंने आजादी के बाद किसानों का इतना लंबा संघर्ष कभी नहीं देखा। क्या कृषि कानूनों को निरस्त किए जाने के बाद इस एक साल में उन्हें (केंद्र सरकार को) किसानों से संवाद करने का समय नहीं मिला? जब पीएम मोदी खुद मुख्यमंत्री थे तो वह यूपीए सरकार से एमएसपी के लिए कानून की मांग करते थे लेकिन अब क्या हुआ? कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ है, अंत में न्याय की जीत होगी"
किसानों आंदोलन पर हाई कोर्ट में सुनवाई
किसानों आंदोलन पर केंद्र का प्रतिनिधित्व करने वाले अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल सत्यपाल जय ने कहा कि, "पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में दो जनहित याचिकाएं दायर की गई हैं। हमने अदालत को बताया कि भारत सरकार किसान प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के लिए तैयार है। चंडीगढ़ में किसानों और 2-3 केंद्रीय मंत्रियों के बीच एक बैठक होगी। हमें भरोसा है कि बैठक से सकारात्मक नतीजा निकलेगा। हमने अदालत को सूचित किया कि एक याचिकाकर्ता ने संयुक्त राष्ट्र को पत्र लिखकर मामले में अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप की मांग की है। हमने अदालत को बताया SC, HC जाना हर व्यक्ति का अधिकार है लेकिन देश के खिलाफ जाना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे पर बात करना गलत है। कोर्ट ने याचिकाकर्ता से कहा कि वह अपनी याचिका वापस ले लें। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ UT ने कोर्ट के सामने स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की है। दोनों राज्यों ने कोर्ट के सामने कहा कि स्थिति तनावपूर्ण है लेकिन नियंत्रण में है. मामले में अगली सुनवाई 20 फरवरी को होगी।"
किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने बताई नई रणनीति
Farmers Protest: केंद्र सरकार के खिलाफ 13 फरवरी को शुरू हुआ पंजाब के किसानों का 'दिल्ली चलो' मार्च को गुरुवार को तीसरा दिन है। ऐसे में पंजाब के 7 जगहों पर जहां किसान संगठनों ने रेलवे ट्रैक जाम किया। वहीं अब किसानों आंदोलन को लेकर नई रणनीति बनाई है।
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा
किसानों के विरोध प्रदर्शन पर हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा, "मांग उठाना और दिल्ली जाना हर किसी का अधिकार है लेकिन मकसद देखना होगा। हमने पिछले साल यह सब देखा है, कैसे एक दृश्य बनाया गया। आंदोलन से जिस तरह सीमाओं पर समस्याएं पैदा कीं। जिस तरह से वे विरोध कर रहे हैं, हमें आपत्ति है। ट्रैक्टर परिवहन का साधन नहीं है, वे बसों या ट्रेनों में आ सकते हैं। चर्चा लोकतांत्रिक तरीके से की जानी चाहिए ताकि समाधान तक पहुंचा जा सके।"
किसानों ने जताई सुलह की उम्मीद
Kisan Andolan Live: सरकार के साथ बातचीत को लेकर बोले पंजाब किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंढेर, 'हम आज पूरी तरह से पॉजिटिव मूड के साथ बैठक में शामिल होने जा रहे हैं और हमें पूरा विश्वास है कि इस बैठक से कोई सकारात्मक समाधान निकलेगा।'













Click it and Unblock the Notifications