'आप नहीं मर सकते': किरेन रिजिजू ने चिंतित सैलानियों को बंधाया ढांढस, सामने आया Video
नई दिल्ली, 29 दिसंबर: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को अरुणाचल आए चिंतित पर्यटकों को सोशल मीडिया के जरिए राहत दिलाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि वह सभी को अरुणाचल प्रदेश आने का गर्मजोशी से निमंत्रण देते हैं। इससे पहले मंत्री ने तवांग में भारी बर्फबारी के बीच तस्वीरें और अपना वीडियो पोस्ट कर पर्यटकों से सावधानी बरतने का आग्रह किया। किरण रिजिजू ने पर्यटकों से अपील की थी कि वह तवांग आने से पहले मौसम की जानकारी कर लें क्योंकि बहुत ज्यादा बर्फबारी से यहां सड़कें ड्राइविंग के लिए खतरनाक हो गई हैं।

किरेन रिजिजू ने चिंतित टूरिस्ट से कहा-तुम मरोगे नहीं
जिसके बाद लोगों ने ट्वीट कर पूछा कि क्या अरुणाचल जाना सुरक्षित नहीं है या क्या कोई प्रतिबंध है। जिसके बाद उन्होंने लोगों की जिज्ञासाओं के जवाब दिए। एक सवाल का जबाव देते हुए मंत्री ने कहा कि, इस समय अरुणाचल प्रदेश के तवांग जाने वाले पर्यटकों को सलाह दें। बैशाखी, सेला दर्रे और नूरनांग के बीच भारी बर्फबारी की सूचना है। कृपया आगे बढ़ने से पहले उचित जानकारी प्राप्त करें क्योंकि सड़क ड्राइव करने के लिए बेहद खतरनाक है और तापमान - 25 से नीचे चला जाता है!

मंत्री ने टूरिस्ट्स को दिए टिप्स
मंत्री ने ट्वीट कर कहा, "चिंता मत करो भाई, तुम मरोगे नहीं। मज़े करो और अरुणाचल प्रदेश की अपनी यात्रा का आनंद लो। जान को खतरा होने पर ही अरुणाचल यात्रा रद्द करें। मंत्री ने एक अन्य यूजर के ट्वीट का जबाव देते हुए कहा कि, मैं सुंदर अरुणाचल प्रदेश की यात्रा के लिए सभी को हार्दिक निमंत्रण देता हूं। बस सतर्क रहें क्योंकि मैदानी इलाकों के कई लोग बर्फ, ठंड और कम ऑक्सीजन के कारण फिसलन भरी सड़क की स्थिति से अवगत नहीं हैं। लेकिन अगर आप उचित तरीके से यात्रा करते हैं तो यह यात्रा मजेदार होगी। ख्याल रखें!

पूर्वोत्तर इलाके में भारी बर्फबारी से जनजीवन अस्तव्यस्त
पर्यटकों को भरोसा दिलाते हुए मंत्री ने ट्वीट कर कहा कि, भारतीय सेना हमेशा कठिन परिस्थितियों में उपयोगी होती है। वे किसी भी आपात स्थिति में जरूरतमंद लोगों की मदद करती हैं। बता दें कि पूर्वोत्तर इलाके में भारी बर्फबारी से जनजीवन अस्तव्यस्त है। बेतहाशा बर्फ गिरने से रविवार को चीन सीमा से लगे सिक्किम में चांगू झील के पास हजारों सैलानी फंस गए। उन्हें सेना की मदद से वहां से निकाला जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications