Kerala News: 10 महीने का अलिन बना जीवनदाता, अपना दुख भुला माता-पिता ने बांटी 4 लोगों को जिंदगी
Kerala News: केरल से इंसानियत और उम्मीद की एक मार्मिक कहानी सामने आई है। महज 10 महीने के मासूम अलिन शेरिन, जिसकी सड़क हादसे में दुखद मृत्यु हो गई, अब चार जिंदगियों में नई रोशनी बनकर जीवित रहेगा। अपने गहरे दुख के बीच अलिन के माता-पिता ने ऐसा फैसला लिया, जिसने पूरे राज्य को भावुक कर दिया। उन्होंने अपने बच्चे के अंग दान करने का निर्णय लिया।
अलिन शेरिन के किडनी, लीवर और हार्ट वॉल्व जरूरतमंद मरीजों को प्रत्यारोपित किए जाएंगे। इसके अलावा उसकी आंखें भी आई बैंक को दान की जाएंगी, ताकि किसी की दुनिया फिर से रोशन हो सके। बताया जा रहा है कि अलिन राज्य के इतिहास में सबसे कम उम्र का अंगदाता बन गया है। सोशल मीडिया यूजर्स पैरेंट्स की नेकदिली को सलाम कर रहे हैं।

Kerala News: अंगदान की मुहिम में जुटा पूरा केरल
- अंगों को सुरक्षित और समय पर पहुंचाने के लिए कोच्चि से तिरुवनंतपुरम तक विशेष 'ग्रीन कॉरिडोर' बनाया गया है।
- इस प्रक्रिया का समन्वय केरल स्टेट ऑर्गन एंड टिशू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (K-SOTTO) ने किया। पूरे कानूनी और चिकित्सकीय प्रोटोकॉल का पालन करते हुए यह निर्णय बच्चे के पिता की सहमति से लिया गया।
- योजना के अनुसार, हार्ट वॉल्व श्री चित्रा तिरुनाल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी को भेजे जाएंगे।
- लीवर को KIMS अस्पताल में प्रत्यारोपित किया जाएगा, जबकि दोनों किडनी तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज को दी जाएंगी।
Kerala News: बेटे का गम भुला दी दूसरों को जिंदगी
डॉक्टरों का कहना है कि इतने कम उम्र के डोनर का अंगदान दुर्लभ होता है, लेकिन यह कदम कई परिवारों के लिए जीवनदान साबित होगा। एक तरफ जहां परिवार ने अपने जिगर के टुकड़े को खोया है, वहीं दूसरी ओर उन्होंने दूसरों के लिए जीने की नई उम्मीद जगाई है। यह कहानी सिर्फ त्याग की नहीं, बल्कि मानवता, साहस और निस्वार्थ प्रेम की मिसाल है। अंगदान के महत्व और जरूरत के बावजूद भी अभी भारत में ज्यादा लोग इसके लिए आगे नहीं आते हैं। ऐसे में केरल के इस कपल ने एक नई मिसाल कायम की है।












Click it and Unblock the Notifications