Kerala Election Result: फ्री बस सफर-25 लाख का बीमा तक! केरल में राहुल गांधी के किन वादों ने तय की जीत की राह
Kerala Election Result 2026: केरल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने राज्य की राजनीति में एक बार फिर बड़ा उलटफेर कर दिया है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) ने करीब एक दशक बाद सत्ता में जोरदार वापसी करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल किया।
यूडीएफ में कांग्रेस, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML), केरल कांग्रेस (KEC) और रिवोल्यूशनरी मार्क्सवादी पार्टी ऑफ इंडिया (RMPI) शामिल हैं।

इस जीत को सत्ता एंटी-इनकंबेंसी का नतीजा माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, यूडीएफ का मजबूत और जनहित केंद्रित मेनिफेस्टो इस जीत का असली गेमचेंजर साबित हुआ। इसके साथ ही UDF ने भगवान अयप्पा को अपना हथियार बनाया।
Kerala Election में UDF की जीत के पीछे क्या रहे बड़े कारण? 60% वोट शेयर के साथ ऐतिहासिक जनादेश
UDF की सफलता के पीछे कई अहम फैक्टर रहे। सबसे पहले, कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के बीच आंतरिक एकजुटता ने चुनावी रणनीति को मजबूत बनाया। इसके अलावा, पिनाराई विजयन सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप और जनता में बढ़ती नाराजगी ने एलडीएफ को नुकसान पहुंचाया। केरलम में लगभग 26% मुस्लिम और 18% ईसाई हैं जो कोर वोट बैंक हैं कांग्रेस ने इन्हीं वोटरों को अपनी तरफ खिंचा।
वहीं, मतदाताओं के बीच यह धारणा भी मजबूत हुई कि वामपंथ अपने पारंपरिक वैचारिक रुख से भटक गया है। UDF ने LDF पर आरोप लगाया कि वह उन्हीं राजनीतिक रणनीतियों और भाषाओं का इस्तेमाल कर रहा है, जिनका वह पहले विरोध करता रहा है। जमात-ए-इस्लामी विवाद और मराड दंगों को लेकर दिए गए बयानों ने भी इस धारणा को और बल दिया।
Kerala Voting Trend: सत्ता परिवर्तन का इतिहास दोहराता केरल
केरल की राजनीति में सत्ता परिवर्तन का एक चक्र लंबे समय से देखा जाता रहा है।
- 2001 में यूडीएफ ने 100 सीटें जीतकर सरकार बनाई
- 2006 में एलडीएफ 102 सीटों के साथ सत्ता में लौटा
- 2011 में एलडीएफ की सीटें घटकर 70 रह गईं
2026 के नतीजे भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते नजर आए, जहां एक बार फिर जनता ने सत्ता परिवर्तन का फैसला किया।
UDF मैनीफेस्टो बना 'मास्टरस्ट्रोक' जिसने बदली सत्ता की तस्वीर
यूडीएफ की जीत में सबसे निर्णायक भूमिका उनके लोकलुभावन और ठोस कल्याणकारी वादों ने निभाई। पार्टी ने अपने घोषणापत्र में कुछ ऐसी योजनाओं का ज़िक्र किया जो सीधे तौर पर मध्यम और गरीब वर्ग के दिलों में उतर गईं:
1. ओमन चांडी हेल्थ इंश्योरेंस (₹25 लाख का कवर)
पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के नाम पर शुरू की जाने वाली इस स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत ₹25 लाख तक का मुफ्त इलाज देने का वादा किया गया। इसे कांग्रेस की जीत का सबसे बड़ा 'मंत्र' माना जा रहा है।
2. महिलाओं और छात्रों के लिए बड़ी राहत
KSRTC बसों में मुफ्त यात्रा: दिल्ली और कर्नाटक की तर्ज पर केरल में भी महिलाओं के लिए सरकारी बसों में यात्रा पूरी तरह मुफ्त करने का वादा किया गया।
छात्र सहायता: कॉलेज जाने वाले छात्रों को ₹1,000 मासिक वित्तीय सहायता देने की घोषणा ने युवा मतदाताओं को यूडीएफ की ओर आकर्षित किया।
3. इंदिरा कैंटीन और सामाजिक सुरक्षा
पूरे राज्य में सस्ती और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए इंदिरा कैंटीन के विस्तार का संकल्प लिया गया। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन को कानूनी अधिकार बनाने और कल्याणकारी पेंशन को बढ़ाकर ₹3,000 प्रति माह करने का वादा गेमचेंजर साबित हुआ।
कृषि और युवाओं के लिए विशेष प्रावधान
यूडीएफ ने केवल मुफ्त सुविधाओं पर ही नहीं, बल्कि उत्पादन और रोजगार पर भी ध्यान केंद्रित किया। केरल के रबड़ किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए समर्थन मूल्य (MSP) को बढ़ाकर ₹300 प्रति किलो करने का वादा किया गया।
अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक युवाओं के लिए युवा उद्यमी योजना के तहत ₹5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण देने की घोषणा की गई।
कैंपस सुरक्षा: पूकोडे कैंपस के छात्र सिद्धार्थ की याद में एक विशेष 'एंटी-रैगिंग' पहल शुरू करने का वादा किया गया।
सबरीमाला मंदिर विवाद को कांग्रेस ने धार्मिक आस्था और परंपराओं का संरक्षण बताया
कांग्रेस ने सबरीमाला मुद्दे को भी अपने घोषणापत्र के केंद्र में रखा। यूडीएफ ने वादा किया कि सबरीमाला की परंपराओं की रक्षा के लिए एक विशेष कानून बनाया जाएगा। इस कदम ने हिंदू मतदाताओं के बीच एलडीएफ की उन नीतियों के खिलाफ विश्वास बहाल किया, जिन्हें वे अपनी आस्था के विरुद्ध मानते थे।
2001 में यूडीएफ ने 100 सीटें जीती थीं और ठीक 25 साल बाद उसी ऐतिहासिक प्रदर्शन को दोहराते हुए 102 सीटें हासिल की हैं। यह चुनाव परिणाम दर्शाता है कि केरल की जनता ने विकास, सामाजिक सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के UDF के साझा विजन पर मुहर लगाई है। UDF ने इन सभी मोर्चों पर बेहतर प्रदर्शन किया और यही कारण रहा कि उसने न सिर्फ वापसी की, बल्कि एक मजबूत जनादेश के साथ सत्ता में लौटने में कामयाबी हासिल की।












Click it and Unblock the Notifications