दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को फ्लाइट में महिला बीमार, केरल के डॉक्टर ने दौड़ाया ऐसा दिमाग, स्मार्टवॉच से यूं बचाई जान
Kerala Doctor Save Woman Life From Smartwatch: दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रहे एयर इंडिया के विमान में एक बुजुर्ग महिला यात्री को मेडिकल इमरजेंसी का सामना करना पड़ा। उड़ान के दौरान महिला बीमार पड़ गई, उसे चक्कर आने लगा और उल्टी होने लगी। तभी, विमान में मौजूद केरल के एक डॉक्टर ने अपनी बुद्धिमत्ता का सटीक उपयोग करते हुए एक स्मार्टवॉच से जरिए महिला की जान बचाई।
मामला 2 जुलाई का है। बताया जा रहा है कि दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में 56 वर्षीय महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। फ्लाइट में मौजूद केरल के राजगिरी अस्पताल में चिकित्सा निदेशक डॉ. गिगी वी कुरुट्टुकुलम तुरंत अपनी सीट से उठकर महिला यात्री के पास पहुंचे।

महिला की मदद के लिए आए और उसकी जांच की। उस समय उनके पास कोई चिकित्सा उपकरण नहीं था, इसलिए डॉ. कुरुट्टुकुलम ने महिला को लेटने के लिए कहा। डॉक्टर ने महिला के दिल की धड़कन और ऑक्सीजन संतृप्ति की जांच के लिए हाथ की कलाई में पहनी हुई एप्पल स्मार्टवॉच का इस्तेमाल किया।
घड़ी की मदद से इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम टेस्ट
डॉक्टर ने एप्पल स्मार्ट वॉच की मदद से इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम टेस्ट किया और पाया कि महिला का ऑक्सीजन सैचुरेशन कम था और उसका ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ था। उन्होंने फ्लाइट के मेडिकल किट में उपलब्ध जरूरी इंजेक्शन लगाए। डॉ. कुरुट्टुकुलम, जो विमान में एकमात्र डॉक्टर थे, की त्वरित प्रतिक्रिया ने संभावित उड़ान देरी को भी टाल दिया।
महिला की हालत को देखते हुए, कैप्टन ने विमान को निकटतम हवाई अड्डे पर ले जाने पर विचार किया, लेकिन डॉ. कुरुट्टुकुलम ने उन्हें आश्वासन दिया कि महिला की हालत स्थिर है और वह यात्रा कर सकती है। सैन फ्रांसिस्को एयरपोर्ट पर पहुंचने पर महिला को मेडिकल टीम द्वारा अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के कर्मचारियों ने बताया कि उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत में सुधार हो रहा है।
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटना
आपको बता दें कि बीती 24 जनवरी 2024, को भी एक ऐसा ही मामला सामने आया था। जब इटली जाने वाली फ्लाइट में एक महिला को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। उस समय डॉक्टर ने एप्पल वॉच की मदद से महिला को ठीक किया।
डॉक्टर राशिद रियाज ने शुरुआती जांच के बाद मरीज के ऑक्सीजन सैचुरेशन लेवल की जांच करनी चाही, लेकिन फ्लाइट में मौजूद उपकरणों का इस्तेमाल करके ऐसा नहीं कर पाए। तभी उन्होंने एप्पल वॉच मांगी। डॉ. रियाज ने महिला के ऑक्सीजन संतृप्ति स्तर को मापने के लिए घड़ी के ब्लड ऑक्सीजन ऐप का इस्तेमाल किया। फिर उन्होंने उसका इलाज करने के लिए ऑन-बोर्ड ऑक्सीजन सिलेंडर का इस्तेमाल किया।












Click it and Unblock the Notifications