पीएम मोदी की तारीफ करने वाले केरल के कांग्रेस नेता की पार्टी से छुट्टी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करने वाले केरल के कांग्रेस नेता एपी अब्दुल्लाकुट्टी को पार्टी से बाहर कर दिया गया है। लोकसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद एपी अब्दुल्लाकुट्टी ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की थी। इसके बाद से ही माना जा रहा था कि पार्टी इनके खिलाफ कड़ा कदम उठा सकती है। उनको नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण भी मांगा गया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब्दुल्लाकुट्टी अपने बयान वापस नहीं ले रहे थे और वे अपनी बात पर कायम थे, जिसके बाद उनको पार्टी से बाहर कर दिया गया। केरल कांग्रेस के इस फैसले पर एपी अब्दुल्लाकुट्टी ने कहा कि वे पार्टी के फैसले से हैरान हैं, उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया। उन्होंने कहा कि वे समय के साथ निर्दोष साबित हो जाएंगे। उन्होंने कहा, मैं अवसरवादी नहीं हूं। मैं एक ऐसा व्यक्ति हूं जिसने विकास के मुद्दों पर स्टैंड लिया।
इस मामले में केरल कांग्रेस के अध्यक्ष मुलापल्ली रामचंद्रन का बयान भी आया है। उन्होंने कहा कि अब्दुल्लाकुट्टी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है क्योंकि उन्होंने पार्टी को अपमानित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि एपी अब्दुल्लाकुट्टी ने पार्टी लाइन से अलग हटकर बयान दिया था।
पीएम मोदी की करी थी तारीफ
इस मामले पर केरल कांग्रेस के एक नेता चेन्निथला ने कहा था कि अब्दुल्ला के स्पष्टीकरण के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा था कि अगर उनका जवाब संतोषजनक नहीं हुआ तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। बता दें कि एपी अब्दुल्लाकुट्टी ने कहा था कि पीएम मोदी की सफलता का सूत्र ये है कि उन्होंने गांधीवादी मूल्यों को अपनाया है। अब्दुल्ला ने मोदी सरकार के स्वच्छ भारत अभियान की प्रशंसा की थी। इसके अलावा उज्ज्वला योजना की भी उन्होंने जमकर तारीफ की थी।












Click it and Unblock the Notifications