Kashmir Terrorist Attack: सभी राज्यों के CM से अमित शाह ने की बात, किस मुद्दे पर चर्चा?
Kashmir Terrorist Attack: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार (25 अप्रैल) को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले के मद्देनज़र सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत की।
उन्होंने निर्देश दिया कि राज्यों में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान की जाए और उनकी जानकारी केंद्र सरकार को दी जाए, ताकि उनके वीज़ा रद्द किए जा सकें। अमित शाह ने यह भी कहा कि राज्यों को ऐसे सभी लोगों की जल्द वापसी सुनिश्चित करनी चाहिए।

48 घंटों के भीतर भारत छोड़ने का आदेश
सरकार ने बुधवार (23 अप्रैल) को घोषणा की कि अब SAARC वीज़ा छूट योजना के तहत किसी भी पाकिस्तानी नागरिक को भारत आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जो पाकिस्तानी नागरिक वर्तमान में SVES वीज़ा के तहत भारत में मौजूद हैं, उन्हें 48 घंटों के भीतर भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है।
मेडिकल वीज़ा 29 अप्रैल तक रहेंगे वैध
विदेश मंत्रालय ने 24 अप्रैल को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भारत द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी वैध वीज़ा 27 अप्रैल से रद्द माने जाएंगे। केवल मेडिकल वीज़ा 29 अप्रैल तक वैध रहेंगे। संशोधित नियमों के अनुसार, भारत में मौजूद सभी पाकिस्तानी नागरिकों को अपने वीज़ा की वैधता समाप्त होने से पहले देश छोड़ना होगा।
पाकिस्तानी नागरिकों में भय का माहौल
सरकार के इस निर्णय से भारत में SVES या अस्थायी वीज़ा पर रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों में भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। खासकर उन लोगों के बीच जो इलाज या पारिवारिक कारणों से भारत आए थे।
सिंधु जल संधि को लेकर गृह मंत्री करेंगे बड़ी बैठक
इसी के साथ, गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को सिंधु जल संधि (Indus Water Treaty) को लेकर भी एक उच्चस्तरीय बैठक अपने आवास पर करने जा रहे हैं। इस बैठक में जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी शामिल होंगे।
सूत्रों के अनुसार, भारत ने पाकिस्तान को सिंधु जल संधि के निलंबन के बारे में औपचारिक रूप से लिखित सूचना दे दी है। यह कदम भी हालिया आतंकी घटनाओं और पाकिस्तान के रवैये को देखते हुए उठाया गया है।
ये भी पढ़ें Kashmir Terrorist Attack: पाकिस्तान की गीदड़ भभकी! भारत से तोड़ा व्यापारिक रिश्ता, बंद किया एयरस्पेस












Click it and Unblock the Notifications