कासगंज रिपोर्टिंग पर चैनल के पत्रकार ने सोशल मीडिया पर बयां किया दर्द- उधर से आती हैं गालियां और गोली मारने की धमकी, नंबर भी शेयर किए
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के कासगंज में हिंसा की रिपोर्टिंग करने को लेकर एबीपी न्यूज चैनल के पत्रकार पंकज झा को जान से मार देने की धमकियां मिल रही हैं। इसको लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखकर जानकारी दी है। कई दूसरे पत्रकारों ने इसे निंदनीय कहा है और शासन-प्रशासन से इस पर संज्ञान लेने को कहा है। पंकज झा ने कासगंज में हिंसा के बाद वहां से जमीनी हकीकत जानने की कोशिश करते हुए आम लोगों से और प्रशासन से बात की थी। उन्होंने जानकारी दी थी कि डीएम ने बताया है कि तिरंगा यात्रा बिना किसी परमिशन के निकाली जा रही थी। इसको लेकर उन्हें धमकियां मिलीं।

इस तरह से बयां किया दर्द
पकंज झा ने कई ट्वीट कर अपना दर्द बयां किया है। ये हैं उनके ट्वीट-
'सवेरे से कुछ ख़ास तरह के लोग हमें फोन कर गालियॉं दे रहे हैं,जान से मारने की धमकी दे रहे हैं,बेटी का अपहरण करने की चुनौती दे रहे हैं।ये पूछ रहे हैं कि क्या देश में तिरंगा यात्रा निकालने के लिए भी परमिशन की ज़रूरत पड़ेगी?लेकिन ऐसा तो कासगंज के डीएम ने कहा था, तो सवाल उनसे बनता है.'
'सालों के पत्रकारिता करते हुए आज ये दिन भी देखना पड़ा है। इन नंबरों को उठाना मैंने बंद कर दिया है। आप पूछेंगे क्यों ? उधर से आती हैं गालियॉं और गोली मारने की धमकियॉं.'
'मैंने पुलिस को ऐसे सारे नंबर और मैसेज दे दिए हैं। विदेशों से जो धमकी भरे फोन आ रहे हैं, उनके बारे में भी बता दिया है।'
एक और ट्वीट में वो एक गौरव नाम के शख्स को जवाब दे रहे हैं- 'अरे गौरव जी, आप वही ‘सज्जन' हैं जो कल बता रहे थे कि बच्चों पर हमला करने वालों में मुस्लिम थे। आपको पता है कि कासगंज के डीएम ने बताया है कि तिरंगा यात्रा बिना परमिशन के निकाली गई थी.'

गणतंत्र दिवस पर हुई थी कासगंज में दो पक्षों में हिंसा
कासंगज में हिंसा 26 जनवरी की सुबह हुई जब तिरंगा यात्रा के दौरान दो पक्ष आमने सामने आ गए थे। जिसके बाद पत्थरबाजी, आगजनी और फायरिंग हुई। इसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हैं। हिंसा के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हिंसक झड़प कासगंज के थाना कोतवाली क्षेत्र के बलराम गेट के पास हुई थी। इसके बाद भी जिले में कई दफा आगजनी की घटनाएं चुकी हैं। पुलिस ने हालात काबू में बताए हैं।

कासगंज में अभी भी आगजनी की घटनाएं
उत्तर प्रदेश का कासगंज इलाका हिंसा की आग में लगातार सुलग रहा है। गणतंत्र दिवस पर तिरंगा यात्रा के दौरान चंदन गुप्ता नाम के युवक की मौत के बाद भड़की हिंसा के बाद इलाके से रुक-रुककर हिंसा की खबरें आ रही हैं। सोमवार को दिनभर शांत माहौल रहने के बाद रात को कुछ उपद्रवियों ने इलाके के मालगोदाम रोड पर कपड़े की एक दुकान में आग लगा दी। आगजनी की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस और सुरक्षा बलों की टुकड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही हैं। इस बीच कासगंज में रोकी गई इंटरनेट सेवाओं को बहाल कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications