कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम भी कोरोना संक्रमित, आइसोलेशन में गए
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। कार्ति चिदंबरम ने सोमवार सुबह अपनी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकारी दी है। कांग्रेस एमपी ने ट्वीट कर लिखा, मैंने कोरोना टेस्ट कराया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुझे बहुत ज्यादा लक्षण नहीं है। डॉक्टरों से सलाह के बाद मैं होम क्वारंटीन हो गया हूं। जो लोग मेरे संपर्क हाल फिलहाल में में मेरे संपर्क में आए हैं, वो अपना टेस्ट करा ले और जो मेडिकल प्रोटोकॉल है, उसे फॉलो करें। कार्ति चिदंबरम तमिलनाडु की शिवगंगा लोकसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के सांसद हैं। कार्ति कांग्रेस के बड़े नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद पी चिंदबरम के बेटे हैं।
Recommended Video

बीते दो दिनों में कई बड़े नेताओं को कोरोना होने और इससे मौत की भी खबरें आई हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की भी कोरोनो रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बिहार में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव सत्यनारायण सिंह का कोरोना वायरस के कारण निधन हो गया है। एक हफ्ते पहले ही उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी और उनका पटना एम्स में इलाज हो रहा था। उत्तर प्रदेश की प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण की रविवार को कोरोना वायरस से मौत हो गई। उनका लखनऊ पीजीआई में इलाज चल रहा था।

कोरोना वायरस (कोविड-19) के नए मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में बीते 24 घंटों में 52,972 नए केस सामने आए हैं और 771 मरीजों की मौत हुई है। जिसके बाद कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 18,03,696 हो गई है। अभी तक देश में कुल 38,135 लोगों की जान ये वायरस ले चुका है। इस समय देश में कोरोना के 5,79,357 सक्रिय मामले हैं और 1,186,203 मरीज अब तक ठीक हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications