कर्नाटक: राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए एचडी देवगौड़ा, मल्लिकार्जुन खड़गे और BJP के ये दो नेता
कर्नाटक से राज्यसभा की 4 सीटों पर निर्विरोध चुने गए BJP-कांग्रेस के ये बड़े नेता
नई दिल्ली। कर्नाटक में राज्यसभा की चार सीटों पर 19 जून को होने वाले चुनाव के लिए पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता अशोक गस्ती और इराना कडाडी को निर्विरोध चुन लिया गया है। बता दें कि कर्नाटक से कांग्रेस ने राज्य सभा सीट के लिए एक ही उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे को उतारने का फैसला किया था जिसके बाद उनको निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित किया गया है।
Recommended Video

बता दें कि कोरोना वायरस संकट के बीच राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी बढ़ गई है। कांग्रेस लगातार भारतीय जनता पार्टी पर अपने विधायकों को बहकाने का आरोप लगा रही हैं, राजस्थान में तो कांग्रेस ने अपने विधायकों के साथ कई निर्दलीय विधायकों को भी एक सेफ हाउस में रख दिया है। कर्नाटक विधानसभा के सचिव एवं निर्वाचन अधिकारी एमके विशालक्षी ने जद (एस) से देवेगौड़ा, कांग्रेस से खड़गे और भाजपा के एरन्ना कडाडी व अशोक गस्ती के नामांकन पत्र की जांच की और बुधवार को इन्हें वैध घोषित कर दिया था।
इस बीच निर्वाचन अधिकारी ने जांच के दौरान निर्दलीय उम्मीदवार संगमेश चिक्कनारागुंडा का नामांकन पत्र खारिज कर दिया, आज यानी 12 जून को नाम वापस लेने की आखिरी तिथि थी। गौरतलब है कि कर्नाटक से राज्यसभा की चार सीटें हैं जिसके लिए 19 जून को चुनाव होना है। राज्यसभा की ये चारों सीटें 25 जून को खाली हो रही हैं, इन सीटों पर भाजपा के प्रभाकर कोरे, जद (एस) के डी कुपेंद्र रेड्डी और कांग्रेस के दो नेता राजीव गौड़ा व बी के हरिप्रसाद ने जीत हासिल की थी। मालूम हो कि विधानसभा में स्पीकर सहित भाजपा के 117 सदस्य हैं, बीजेपी चार में से दो सीटों पर आसानी से जीत हासिल करने की स्थिति में है।












Click it and Unblock the Notifications