कर्नाटक चुनाव: 'जीतने योग्य' 25 सीटें हार जाएगी JDS? कुमारस्वामी ने फंड की कमी को बताया कारण
Karnataka elections: जेडीएस नेता कुमारस्वामी ने कहा है कि अगर फंड की कमी नहीं रहती तो वह 25 सीटें और जीत सकती थी। उन्होंने कांग्रेस-भाजपा से ज्यादा सीटें मिलने का दावा किया है।

जेडीएस नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि उनकी पार्टी को लगता है कि जिन सीटों पर उसकी जीत की संभावना थी, वैसी 25 सीटों तक पर उसे हार का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने इसका कारण वित्तीय कठिनाई बताया है और जिसके चलते वह उम्मीदवारों की मदद नहीं कर पाए हैं।
किंग मेकर नहीं, किंग बनने का दावा
जेडीएस नेता कुमारस्वामी ने यह जरूर कहा है कि फंड की दिक्कत की वजह से वह जीतने योग्य 25 सीटों तक हार सकती है। लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया है कि उनकी पार्टी फिर भी कांग्रेस और बीजेपी से आगे रहेगी। उन्होंने कहा है कि जेडीएस प्रदेश में किंगमेकर नहीं, बल्कि किंग बनेगी।
प्रत्याशियों को फंड की मदद नहीं दे सका-कुमारस्वामी
कुमारस्वामी बोले, 'मुझे इस बात का दुख है कि मैं अपने कई उम्मीदवारों को वित्तीय मदद नहीं कर सका। मुझे उम्मीद थी कि मुझे लोगों से फंड की मदद मिल सकती है, लेकिन मुझे एक हद तक झटका लगा है। कई सीटों पर जहां जीतने योग्य उम्मीदवार थे, जैसे कि चिक्काबल्लापुरा और डोड्डाबल्लापुरा में, मैं फाइनल स्टेज में उम्मीदवारों को वित्तीय मदद देने में नाकाम रहा। '
'पार्टी को उम्मीदों के मुताबिक डोनेशन नहीं मिले'
उन्होंने कहा है कि फंड की कमी के चलते जहां उन्हें जीतने की उम्मीद थी, करीब 20-25 विधानसभा क्षेत्रों में उन्हें झटका लगा है। उन्होंने कहा, 'पार्टी फंड से कुछ सीटों ने अच्छे पैसे लिए हैं और कुछ जीतने योग्य सीटों पर मैं पर्याप्त फंड नहीं दे सका और इससे बहुत झटका लगा है। मैं उन्हें उम्मीदों के मुताबिक सपोर्ट नहीं कर सका, क्योंकि पार्टी को जितनी उम्मीद थी, उतना डोनेशन नहीं मिला।'
Recommended Video
अभी भी कांग्रेस-बीजेपी से आगे रहेंगे- कुमारस्वामी
वो बोले कि, 'मैं उम्मीदवारों की उम्मीदों पर खड़ा नहीं उतर सका, यह मेरी गलती है। करीब 50-60 सीटों पर जहां हमारे उम्मीदवारों ने अच्छी फाइट दी है, मैं उम्मीदों के अनुसार फंड देने में सफल नहीं हो सका।' उन्होंने कहा कि 'मैंने 120 से ज्यादा सीटों की उम्मीद की थी.....लेकिन वित्तीय तंगी के बावजूद हम अभी भी कांग्रेस और बीजेपी से आगे रहेंगे।'
त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में जेडीएस के रोल पर टाला जवाब
जब उनसे त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में जेडीएस के रोल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'देखिए, जब ऐसी परिस्थिति आएगी, तब मैं इसपर चर्चा करूंगा।' जब उनसे कहा गया कि क्या जेडीएस इस चुनाव में किंग मेकर बनकर उभरेगी तो उन्होंने कहा, 'सिर्फ किंग मेकर नहीं, हमारी पार्टी किंग बनने जा रही है, आइए देखते हैं।' पिछले चुनाव में जेडीएस को 224 में से 37 सीटें मिली थी। (स्रोत-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications