#KarnatakaElectionResults: सबसे बड़ा सवाल, राज्यपाल सरकार बनाने के लिए किसे बुलाएंगे?
नई दिल्ली। कर्नाटक में तेजी से सियासी समीकरण बदल रहे हैं। चुनाव नतीजों पर पल-पल बदलाव आ रहा है। जेडीएस को समर्थन देकर सरकार बनाने की पेशकश के बाद सियासी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस ने जेडीएस को अपनी सीएम उम्मीदवार तय करने को कह दिया है। अब इस बदलते समीकरण पर सबकी नजक कर्नाटक के राज्यपाल पर टिक गई है। अगर दोनों पक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करते हैं तो राज्यपाल के सामने ये सवाल होगा कि वो किसे पहले आमंत्रित करते हैं।

अब राज्यपाल पर निगाहें
कर्नाटक के चुनाव नतीजों पर गौर करें तो सबसे बड़े दल होने के नाते राज्यपाल पहले बीजेपी को मौका देंगे। अगर वो सरकार बनाने और बहुमत साबित करने में नाकाम रहती है तो राज्यपाल जेडीएस को सरकार बनाने का मौका देंगे। ऐसी सूरत में कांग्रेस पार्टी के समर्थन देने के ऐलान के बाद जेडीएस सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। अगर ऐसा होता है तो जेडीएस सरकार बनाने में सफल भी रह सकती है।

कुमारस्वामी को सीएम पद का ऑफर
जेडीएस प्रवक्ता तनवीर अहमद ने बताया कि उनकी पार्टी ने कांग्रेस के ऑफर को मान लिया है और राज्यपाल से दावा कर वो सरकार बनाने जा रहे हैं। तनवीर अहमद ने कहा कि जनता ने जिस तरह का मैंडेट दिया है उससे साफ है कि वो कांग्रेस और भाजपा दोनों की सरकार नहीं चाहती। उन्होंने संकेत दिया है कि 18 तारीख को जेडीएस की सरकार शपथ लेगी।

कर्नाटक में फंसा पेंच
कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर ताजा रूझानों पर गौर करें तो एक समय 115 सीटों तक पहुंचने वाली बीजेपी का आंकड़ा 104 सीटों पर रुकता दिखाई दे रहा है। बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी तो बन गई है लेकिन बहुमत से अभी 8 सीटें दूर है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी 78 सीटों पर आगे है। तीसरे नंबर पर जेडीएस अलायंस है जिसके पास 40 सीटें जाती दिख रही हैं। अगर इन आंकड़ों को फाइनल माना जाए तो सरकार बनाने का जादुई आंकड़ा किसी भी पार्टी के पास नहीं है। ऐसे में आखिरी फैसला राज्यपाल का होगा आखिर वो किसे सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications