Karnataka Election: राहुल गांधी ने अजान सुनते ही रोका अपना भाषण, मंच से किया चुप रहने का इशारा
Karnataka Election: कर्नाटक के तुरुवेकेरे में सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी रैली को संबोधित किया। संबोधन के दौरान अजान की आवाज कानों में पड़ते ही राहुल गांधी ने अपना संबोधन दो से तीन मिनट के लिए बीच में ही रोक दिया

Karnataka Election 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 की तारीख नजदीक आते ही सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस भी लगातार कर्नाटक में अपना डेरा जमाए हुए है। लगातार एक के बाद एक रैलियों का दौर जारी है। सोमवार को कर्नाटक के तुरुवेकेरे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी रैली को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान अजान की आवाज कानों में पड़ते ही राहुल गांधी ने अपना संबोधन दो से तीन मिनट के लिए बीच में ही रोक दिया। राहुल गांधी ने अपने मुंह पर एक छोटे बच्चे की तरह उंगली रखकर मुस्कराते हुए जनता को भी चुप रहने का इशारा किया।
आपको बता दें कि कर्नाटक चुनाव के सिर्फ 9 दिन बचे हैं। ऐसे में कांग्रेस के स्टार प्रचारक और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार कर्नाटक चुनाव को लेकर धुंआधार रैलियों को संबोधित करने में लगे हैं। आज राहुल गांधी की 3 जनसभाओं कर्नाटक में आयोजित हैं। पहली तुमकुर के तुरुवेकेरे में, दूसरी हासन के अर्सिकेरे में और चामराजनगर में तीसरी रैली को संबोधित करेंगे।
तुरुवेकेरे में जनता से क्या बोले राहुल?
चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधा। कहा कि चुनाव उनके (पीएम मोदी) के बारे में नहीं है, बल्कि कर्नाटक के लोगों के बारे में है। पीएम मोदी को गोवा, महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच पानी के बंटवारे के मुद्दे को हल करने में बीजेपी की भूमिका के बारे में बात करनी चाहिए और राज्य में भ्रष्टाचार के मुद्दे को हल करने के लिए उन्होंने क्या किया? इसके साथ हर राहुल गांधी ने पीएम मोदी से अपनी चुनावी रैलियों के दौरान राज्य में अन्य बीजेपी नेताओं के बारे में बात करने का भी आग्रह किया।
224 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव
आपको बता दें कि कर्नाटक में 224 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव होने जा रहा है। जिसके लिए 2,613 उम्मीदवार चुनावी रण में हैं। 10 मई को मतदान और 13 मई को नतीजे जारी हो जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications