Karnataka में कांग्रेस सरकार दे रही कैसी गारंटी? मंत्री के 'मंथली सैलरी' वाले जवाब को BJP ने कहा धोखाधड़ी
Karnataka Congress News: कर्नाटक में कांग्रेस सरकार की गारंटी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को मिलने वाली सहायता राशि में देरी को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री केजे जॉर्ज के इस बयान पर कि 'गारंटी योजनाओं के फंड मंथली सैलरी की तरह नहीं हैं' विपक्षी बीजेपी ने जोरदार हमला किया है।

Karnataka Government: लाभार्थियों ने कुछ महीनों से भुगतान नहीं मिलने की शिकायत की है
'अन्न भाग्य योजना' के तहत कर्नाटक में बीपीएल परिवारों के प्रत्येक सदस्य को अतिरिक्त 5 किलो चावल के बदले नकद रकम दी जाती है। जबकि, 'गृह लक्ष्मी योजना' के तहत परिवार की महिला मुखिया को हर महीने 2,000 रुपए मिलते हैं। हाल ही में कुछ लाभार्थियों ने शिकायत की थी कि पिछले कुछ महीनों से उन्हें भुगतान नहीं मिला।
Karnataka Siddaramaiah Government: गारंटी योजनाएं मंथली सैलरी की तरह नहीं हैं- कर्नाटक के मंत्री
इस पर चित्रदुर्ग में मीडिया से बातचीत में जॉर्ज ने कहा,'लाभार्थियों के खातों में हर महीने पैसा ट्रांसफर किया जाता है। यदि कहीं देरी हुई है तो जैसे ही जानकारी मिलेगी,तुरंत सुधार किया जाएगा। यह कोई मासिक वेतन नहीं है, जिसमें नियमितता अनिवार्य हो। कई कारणों से 10-15 दिन की देरी हो सकती है।' उन्होंने भरोसा दिलाया कि मई तक सभी लंबित भुगतान पूरे कर दिए जाएंगे।
Karnataka Congress Government: कर्नाटक के लोगों के आत्मसम्मान को ठेस न पहुंचाएं- बीजेपी
राज्य के मंत्री के इस बयान पर विपक्ष ने सरकार को आड़े हाथों लिया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर अशोक ने उनकी मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा,'क्या यही वोटरों के प्रति आपका सम्मान है? लोग गृह लक्ष्मी और अन्न भाग्य की राशि के लिए भीख नहीं मांग रहे हैं। यदि सरकार ने गारंटी योजनाएं लागू करने का वादा किया है तो उसे सम्मानपूर्वक निभाएं,वरना पद छोड़ दें। कर्नाटक के लोगों के आत्मसम्मान को ठेस न पहुंचाएं।'
बीजेपी नेता ने चेतावनी दी कि अगर जनता के आत्मसम्मान से खिलवाड़ किया गया तो कर्नाटक में कांग्रेस का सफाया तय है।
Karnataka Politics: कांग्रेस की गारंटी महज एक छलावा है- विपक्ष
वहीं भाजपा नेता और विधान परिषद सदस्य सीटी रवि ने इसे सरकार के 'वित्तीय कुप्रबंधन' का नतीजा बताया। उन्होंने कहा,'गारंटी का मतलब है कि जैसे सूरज हर दिन उगता है,वैसे ही लाभार्थियों के खातों में पैसा समय पर पहुंचना चाहिए। लेकिन, मंत्री के बयान से लगता है कि कांग्रेस की गारंटी महज एक छलावा है।'
इस तरह से पहले ही गारंटी योजनाओं को लेकर उठ रहे सवालों के बीच समय पर भुगतान न होने और मंत्री के बयान ने कर्नाटक में राजनीतिक माहौल को और भी ज्यादा गरमा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications