कर्नाटक में कांग्रेस नेताओं और आलाकमान के बीच तालमेल न होना बना हार का कारण: रेड्डी
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 में मिली हार के बाद कांग्रेस के राज्य यूनिट्स में अंसतोष बाहर आ रहे हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 6 महीने पहले ही सरकार बनाने के बाद तीनों राज्यों की लोकसभा सीटों में से सिर्फ 3 हासिल करने वाली वाली कांग्रेस की कर्नाटक इकाई में भी सब कुछ ठीक नहीं दिख रहा है। कर्नाटक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामलिंगा रेड्डी ने मंगलवार को पार्टी नेतृत्व पर बरसते हुए कहा कि गठबंधन के मंत्रिमंडल में वरिष्ठ नेताओं को शामिल नहीं किया जाना और कुछ मंत्रियों का अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाना लोकसभा चुनाव में कर्नाटक में पार्टी के खराब प्रदर्शन की वजह बना।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और आलाकमान के बीच कोई तालमेल नहीं था। रेड्डी ने यह टिप्पणी कांग्रेस की राज्य इकाई द्वारा, संसदीय चुनाव और 2018 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के कारण जानने के लिये, समिति गठित किये जाने के एक दिन बाद की। उन्होंने कहा, "पार्टी को राज्य सरकार में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी के अभाव के चलते लोकसभा चुनाव में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा।" उन्होंने कहा, "संगठनात्मक दृष्टिकोण का अभाव और कांग्रेस के कुछ मंत्रियों का प्रदर्शन भी हार का कारणों में शामिल हैं।''
राज्य के मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किये जाने से निराश रेड्डी ने दावा किया कि मंत्रिमंडल में शामिल किये गए कांग्रेस के कुछ कनिष्ठ नेता "अनुभवहीन" हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव में हार के लिये कांग्रेस नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया।












Click it and Unblock the Notifications