Siddaramaiah cabinet: सिद्धारमैया को मिलेगा 'पूर्ण मंत्रिमंडल', कर्नाटक के 24 मंत्री आज लेंगे शपथ
कर्नाटक कैबिनेट में शनिवार को 24 नए मंत्रियों को शामिल किया जाएगा। कांग्रेस के शीर्ष नेताओं और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उनके डिप्टी डीके शिवकुमार के बीच कई दिनों के गहन विचार-विमर्श के बाद ये फैसला किया गया।

Karnataka 24 ministers sworn in today: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और आठ अन्य मंत्रियों के पद की शपथ लेने के एक हफ्ते बाद आज शनिवार (27 मई) को कर्नाटक को पूर्ण कैबिनेट मिलेगा। कर्नाटक के 24 मंत्री आज शपथ लेंगे।
कांग्रेस ने शुक्रवार 26 मई की देर रात 24 और मंत्रियों के नामों की घोषणा की, जिससे कैबिनेट की ताकत अब 34 हो जाएगी। नए 24 मंत्रियों में छह लिंगायत समुदाय से, चार वोक्कालिगा समुदाय से, तीन अनुसूचित जाति से, दो अनुसूचित जनजाति से और पांच अन्य पिछड़े वर्ग से हैं। इस सूची में मुस्लिम, जैन, ब्राह्मण और नामधारी रेड्डी समुदायों के एक-एक प्रतिनिधि हैं। कैबिनेट में सिर्फ एक महिला शामिल है।
दिल्ली में सिद्धारमैया, शिवकुमार और कांग्रेस नेतृत्व के बीच चार दिनों के गहन विचार-विमर्श के बाद इन नामों की घोषणा की गई है, जिसमें विभिन्न जातियों, क्षेत्रों और निष्ठाओं के नेताओं की आकांक्षाओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गई है।
शामिल किए जाने वाले मंत्रियों की सूची में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुंडु राव और पूर्व कैबिनेट मंत्री एचके पाटिल भी शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभावशाली नेता और चीनी कारोबारी रमेश जरकिहोली के विरोध के बावजूद बेलागवी से जीतने वाली लक्ष्मी हेब्बलकर एकमात्र महिला मंत्री बनने वाली हैं।
दलित नेता और सिद्धारमैया के करीबी एचसी महादेवप्पा भी इस लिस्ट में शामिल हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एस बंगारप्पा के बेटे मधु बंगारप्पा का भी इस लिस्ट में नाम है। वोक्कालिगा नेता कृष्णा बायरेगौड़ा और रहीम खान भी आज शपथ लेंगे।
कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव-2023 में 224 सदस्यीय विधानसभा सीटों में से 135 सीटें जीती हैं।
शपथ लेने वाले 24 विधायकों की लिस्ट
शनिवार को शपथ लेने वाले विधायकों की सूची में दिनेश गुंडू राव, कृष्णा बायरे गौड़ा, ईश्वर खंड्रे, रहीम खान, संतोष लाड, के एन राजन्ना, के वेंकटेश, एच सी महादेवप्पा, बैराथी सुरेश, शिवराज तंगड़ी, आरबी तिम्मपुर, बी नागेंद्र, लक्ष्मी हेब्बलकर, मधु बंगरप्पा, डी सुधाकर, चेलुवारया स्वामी, मंकुल वैद्य, एम सी सुधाकर, एच के पाटिल, शरणप्रकाश पाटिल, शिवानंद पाटिल, एसएस मल्लिकार्जुन, शरणबसप्पा दर्शनापुरा और एन एस बोसेराजू शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications