कर्नाटक में बोले अमित शाह, लालू यादव को गले लगाने वाले नहीं दे सकते भ्रष्टाचार मुक्त सरकार
लालू यादव को गले लगाने वाले नहीं दे सकते भ्रष्टाचार मुक्त सरकार: शाह
बेंगलुरु। कर्नाटक के कोलार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने राहुल गांधी को ढोंगी बताया। कांग्रेस अध्यक्ष की राजद प्रमुख लालू यादव से मुलाकात पर शाह ने कहा कि जो लोग भ्रष्टाचार में सजा पाए लोगों से गले मिल रहे हैं, वो भला क्या आपको भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देंगे। शाह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष जो बातें कर रहे हैं, वो हवा-हवाई हैं, वो दिल्ली में लालू यादव से मिल रहे हैं और यहां भ्रष्टाचार पर भाषण दे रहे हैं।
सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी न चारा घोटाले के कई मामलों में सजा काट रहे आरजेडी अध्यक्ष से एम्स पहुंचकर मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा। लालू यादव बीमारी के कारण दिल्ली के एम्स में भर्ती थे। बीमार होने से पहले वह रांची की जेल में बंद थे। बीमार होने के बाद उन्हें रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, उसके बाद उन्हें एम्स रिफर कर दिया गया था।
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए 12 मई को मतदान होगा और 15 मई को नतीजे आएंगे। सिद्धारमैया कांग्रेस के सीएम कैंडिडेट हैं और उनका सीधा मुकाबला भाजपा से माना जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने येदुरप्पा को सीएम के चेहरे के तौर पर पेश किया है। चुनाव में जद(एस)-बसपा गठबंधन भी बड़ी ताकत माना जा रहा है।
VIDEO: जब रैली के दौरान मंच पर ही सो गए कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया