कपिल सिब्बल को आई Jagdeep Dhankhar की याद, 'कहां हैं पूर्व उपराष्ट्रपति? हमें FIR दर्ज करानी पड़ेगी'
Jagdeep Dhankhar News: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ पद से इस्तीफा देने के बाद लाइमलाइट से दूर हैं। दूसरी ओर विपक्षी दल अब भी उनके बहाने सरकार पर सवाल उठाने का मौका नहीं चूक रहे हैं। अब राज्यसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने पूछा कि आखिर जगदीप धनखड़ कहां हैं? उनकी लोकेशन के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है और न ही उनका आधिकारिक पता किसी के पास है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि हमने आज तक 'लापता लेडीज' के बारे में सुना था, लेकिन लापता वाइस प्रेसिडेंट के बारे में पहली बार सुन रहे हैं।
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा, 'विपक्ष को उनकी सुरक्षा की चिंता है। उन्होंने 22 जुलाई को इस्तीफा दिया था और उसके अगले दिन मेरी उनके पीएस से बात हुई थी। उन्होंने बताया कि जगदीप धनखड़ जी अभी आराम कर रहे हैं। आज 9 अगस्त है और तब से अब तक मेरी उनसे बात नहीं हुई है।'

'Jagdeep Dhankhar के लिए हैबियस कॉर्पस दाखिल करें?'
कपिल सिब्बल ने मोदी सरकार पर तंज कसते हुए कहा, 'हमें न उनकी (जगदीप धनखड़) लोकेशन पता है और न उनका आधिकारिक आवास। क्या अब हमें इसके लिए हैबियस कॉर्पस याचिका दाखिल करनी होगी? उनका पता मिल जाता तो अच्छा होता। आप (मोदी सरकार) बांग्लादेश के लोगों को खोज कर एक जगह से दूसरी जगह भेज सकते हैं, लेकिन पूर्व उपराष्ट्रपति के बारे में जानकारी नहीं है। अगर हमें उनसे मिलने के लिए एफआईआर दर्ज करानी पड़े, तो यह अच्छी बात नहीं होगी। वह अपने आधिकारिक आवास पर भी नहीं हैं, तो अगर हमें उनकी जानकारी मिल जाती तो अच्छा रहता।'
यह भी पढ़ें: 'धनखड़ ने विपक्ष का गला दबाया, अब खुद की आवाज पर गिरी गाज', मल्लिकार्जुन खड़गे का सरकार पर तीखा वार
जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों से दिया था इस्तीफा
वरिष्ठ वकील और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा कि जगदीप धनखड़ से मेरा परिचय काफी पुराना है और वह मेरे दशकों पुराने मित्र रहे हैं। हमने अदालत में कई केस साथ में लड़े हैं। मैं सिर्फ उनसे व्यक्तिगत तौर पर मिलना चाहता हूं और उनका समाचार जानना चाहता हूं। बता दें कि पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया था। विपक्षी दल आरोप लगा रहे हैं कि उन्होंने सरकार के दबाव की वजह से इस्तीफा दिया है। फिलहाल यह पद खाली है, लेकिन रेस में कई दिग्गज नेताओं का नाम चल रहा है।
यह भी पढ़ें: जगदीप धनखड़ का 'इस्तीफा दांव' पड़ गया उलट! 'PM मोदी से तनातनी, मर्सिडीज की मांग', क्या थी पद त्यागने की वजह?












Click it and Unblock the Notifications